Saturday , March 28 2026 6:10 PM
Home / News / F-35 लड़ाकू विमानों पर यह कैसा गुस्सा, नॉर्वे में 220 लोगों ने सरकार पर ठोका केस, मांगा मुआवजा

F-35 लड़ाकू विमानों पर यह कैसा गुस्सा, नॉर्वे में 220 लोगों ने सरकार पर ठोका केस, मांगा मुआवजा


नॉर्वे में एफ-35 विमानों को लेकर लोगों में इतना गुस्सा है कि उन्होंने सरकार पर ही केस कर दिया है। बड़ी बात यह है कि कोर्ट ने भी इस मामले में सरकार को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने को कहा है। दरअसल, नॉर्वे के ऑरलैंड एयर बेस के आसपास रहने वाले लोग एफ-35 विमानों के शोर से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया है कि विमानों के शोर के कारण उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं और वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण 220 लोगों ने सरकार के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है। ऑरलैंड एयर बेस पर नॉर्वे के एफ-35 विमानों का पूरा बेड़ा तैनात है।
मुकदमें में क्या कहा गया – मुकदमे में दावा किया गया है कि ऑरलैंड एयर बेस पर एफ-35 की तैनाती के बाद से ध्वनि प्रदूषण काफी ज्यादा बढ़ा है। इस एयरबेस पर पहले एफ-16 लड़ाकू विमान तैनात रहते थे भूस्वामियों ने बताया है कि आवाज के कारण एयरबेस के आसपार रहने वाले लोगों को काफी असुविधा हो रही है। इससे उन्हें वित्तीय नुकसान भी हो रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि उनकी संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है, क्योंकि नए लड़ाकू विमानों के आने के बाद से उनकी भूमि का मूल्य कम हो गया है। उन्होंने अपने मुकदमें में नॉर्वे के नेबरहुड एक्ट का हवाला दिया है, जो पड़ोसी संपत्ति के लिए अनुचित या अनावश्यक असुविधा पैदा करने पर रोक लगाता है।
नॉर्वे की सरकार क्या बोली – नॉर्वे की सरकार ने लोगों के आरोपों को खारिज कर दिया है। नार्वेजियन रक्षा संपदा एजेंसी ने तर्क दिया है कि उनके मॉर्केट रिसर्च के आधार पर एयरबेस के आसपास के जमीनों का मूल्य वास्तव में काफी बढ़ा है। डिफेंस एस्टेट्स एजेंसी ने नॉर्वेजियन मीडिया को बताया कि ऑरलैंड में पचास के दशक से एक सैन्य अड्डा रहा है। हम इसे उस व्यवसाय की निरंतरता के रूप में देखते हैं जो इतने वर्षों से चल रहा है। कानूनी फर्म सिमोनसेन वोग्ट वाईग के वकील अरिल्ड पॉलसेन ने बताया कि अगर सरकार मुकदमा हारती है तो उसे जमीन मालिकों को भारी-भरकम मुआवजा देना पड़ेगा।
नॉर्वे ने खरीदे हैं 52 एफ-35 विमान – स्थानीय लोगों की शिकायत है कि लड़ाकू विमानों के उड़ने से उनके दिल दहलने लगते हैं। आवाज इतनी तेज होती है कि उन्हें अपने कानों को बंद करना पड़ता है। मुकदमा दायर करने वाले लोगों ने ओस्लो में गार्डेरमोन हवाई अड्डे के डेवलपमेंट के दौरान लोगों को दिए गए मुआवजे को उदाहरण के तौर पर पेश किया। नॉर्वे ने कुल 52 नए F-35 फाइटर जेट खरीदे हैं, जो देश के इतिहास में सबसे बड़ा सैन्य अधिग्रहण है।