
नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) के आंकड़ों के अनुसार इस साल जनवरी से मई तक भारत के ऑलराउंडर रविंद्र जाडेजा ने तीन बार डोप टेस्ट के लिए नमूना दिया। इस तरह से वह इस अवधि में सर्वाधिक बार टेस्ट करवाने वाले क्रिकेटर बन गए। नाडा की वेबसाइट पर जारी की गई नई सूची के अनुसार साल के पहले पांच महीनों में कुल मिलाकर 55 क्रिकेटरों (पुरुष और महिला, 58 नमूने) का डोप टेस्ट किया गया। इनमें से अधिकतर नमूने प्रतियोगिता से इतर लिए गए।
इसका मतलब हुआ कि इस साल क्रिकेटरों से एकत्र किए गए नमूनों की संख्या पिछले दो वर्षों की तुलना में कहीं अधिक होने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार नाडा ने 2021 में क्रिकेटरों के 54 और 2022 में 60 नमूने लिए थे। वर्ष 2021 और 2022 में रोहित शर्मा का सर्वाधिक बार टेस्ट किया गया था।
नाडा के इन दोनों वर्षों के आंकड़ों के अनुसार रोहित का तीन तीन बार टेस्ट किया गया था। विराट कोहली का 2021 और 2022 में भी टेस्ट नहीं किया गया था। वर्ष 2022 में लगभग 20 नमूने महिला क्रिकेटरों के लिए गए थे।
इस साल पहले पांच महीनों में केवल दो महिला क्रिकेटरों भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना का एक-एक बार प्रतियोगिता से इतर टेस्ट किया गया।
भारत में इस साल लिए गए डोप टेस्ट के नमूने – ऐथलेटिक्स- 500, वेटलिफ्टिंग- 200, बॉक्सिंग- 100, शूटिंग- 70, रेसलिंग- 70, क्रिकेट- 55, फुटबॉल- 50 और हॉकी- 50
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website