
मोरक्को में 6.8 तीव्रता वाले भूकंप ने तबाही मचाई है। सेंट्रल मोरक्को इसके कारण बुरी तरह चपेट में आया है। भूकंप के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस भूकंप से अब तक मरने वालों की संख्या 300 से ऊपर बताई जा रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक 296 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किमी दक्षिण-पश्चिम में 18.5 किमी की गहराई पर था। भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11:11 बजे आया।
ट्विटर पर कई वीडियो आए हैं जो कथित तौर पर मोरक्को के भूकंप के बाद का नजारा है। इसमें क्षतिग्रस्त इमारतों और मलबा सड़कों पर बिखरा है। इतना ही नहीं, लोग घबरा कर भागते हुए नजर आ रहे हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मराकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें ढह गईं। भूकंप के बाद कुछ लोग सड़कों के बीच में सो रहे हैं। डर के कारण लोग अपने घरों के अंदर नहीं गए और उन्होंने रात सड़क पर बिताने का फैसला किया।
बिजली और फोन की लाइन बंद – बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक एक शख्स ने कहा कि भयानक झटके महसूस किए गए। इस दौरान इमारतें पूरी तरह हिल रही थीं। भूकंप के तुरंत बाद बिजली और फोन लाइन 10 मिनट के लिए बाधित हो गई। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि लोग मलबे में फंस गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। भूकंप के खतरे को देखते हुए अस्पतालों ने मरीजों के लिए बेड बाहर ही लगा दिया है। देश के अधिकारियों की ओर से अभी इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं आई है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website