Sunday , August 16 2026 10:01 AM
Home / News / अफगानिस्तान ने दिया अपहृत भारतीयों की सुरक्षित रिहाई का आश्वासन

अफगानिस्तान ने दिया अपहृत भारतीयों की सुरक्षित रिहाई का आश्वासन


काबुलः अफगानिस्तान ने भारत को आश्वासन दिया है कि अफगान सुरक्षा बल अपहृत 7 भारतीय इंजीनियरों की सुरक्षा और सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। हथियारबंद तलिबान लड़ाकों ने उत्तरी बगलान प्रांत से सात भारतीय इंजीनियरों का रविवार को अपहरण कर लिया था। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने भारतीय राजदूत विनय कुमार के साथ मुलाकात के दौरान भारतीय इंजीनियरों के अपहरण पर दुख जताते हुए कहा कि समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों की मदद से भारतीयों की सुरक्षित रिहाई के प्रयास शुरू कर दिये गए हैं।

इंजीनियरों के अपहरण को लेकर रब्बानी ने भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी फोन पर बातचीत की। सुषमा ने इंजीनियरों के अपहरण पर भारत की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया और उनका पता लगाने तथा उन्हें मुक्त कराने में मदद का अनुरोध किया।सातों भारतीय इंजीनियर एक बिजली सब-स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वे रविवार को परियोजना का निरीक्षण करने जा रहे थे , उसी दौरान चश्म-ए-शेर इलाके से तालिबान ने उनका अपहरण कर लिया।

पहचान गुप्त रखने का अनुरोध करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने पझवोक अफगान न्यूज को बताया कि उसने पुल-ए-खुमरी-मजार- ए-शरीफ राजमार्ग पर हथियारबंद लोगों को एक सफेद कार को रोकते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शी को यह जानकारी नहीं थी कि कार में कितने लोग थे। हालांकि उसने बताया कि तालिबान भारतीय नागरिकों को अपनी मिनी बस में लेकर अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र में चले गए।