
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच रविवार को खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। आइए आपको उन पांच खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो अपने दमदार प्रदर्शन से फाइनल मैच का रुख तय कर सकते हैं।
शुभमन गिल – गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के लिए बतौर बल्लेबाज आईपीएल 2026 का सीजन लाजवाब रहा है। गिल 15 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बना चुके हैं। दूसरे क्वालीफायर में शतकीय पारी खेलने के बाद गिल का आत्मविश्वास और बढ़ा होगा। अहमदाबाद का मैदान जीटी के कप्तान को वैसे भी खूब रास आता है। वह नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेली 31 पारियों में 49 की औसत और 162 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,374 रन बना चुके हैं।
विराट कोहली – आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में विराट कोहली आरसीबी के सबसे अहम खिलाड़ी होंगे। कोहली बड़े मुकाबलों के प्लेयर हैं और यह बात वह समय-समय पर अपने शानदार प्रदर्शन से साबित भी कर चुके हैं। पहले क्वालीफायर में भी विराट अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने महज 25 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली थी। कोहली 15 मुकाबलों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 600 रन बना चुके हैं।
साई सुदर्शन – शुभमन गिल के सलामी जोड़ीदार और जीटी के बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले साई सुदर्शन का विकेट आरसीबी के लिए फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ा होगा। सुदर्शन ने इस सीजन निरंतरता के साथ लगातार रन बनाए हैं। वह 16 मुकाबलों में 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 710 रन बना चुके हैं।
क्रुणाल पांड्या – आईपीएल के इतिहास में क्रुणाल पांड्या इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दो बार फाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। बड़े मौके और बड़े मुकाबले में क्रुणाल बेहतरीन प्रदर्शन करना जानते हैं। पहले क्वालीफायर में उन्होंने 43 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ-साथ 2 अहम विकेट भी चटकाए थे। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में उनकी गेंदबाजी काफी असरदार साबित हो सकती है।
रजत पाटीदार – आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। रजत इस समय कमाल की फॉर्म में हैं और उन्होंने पहले क्वालीफायर में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली थी। रजत पारी को बुनने के साथ अंत के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने का दमखम रखते हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website