
दुबई से केरल आ रहा एयर इंडिया का विमान केरल के कोझिकोड इंटरैनशल एयरपोर्ट (कारीपुर एयरपोर्ट) के पास क्रैश हो गया है। जानकारी के मुताबिक, यह विमान रनवे से फिसलने के बाद घाटी में जा गिरा और दुर्घटना का शिकार हो गया। प्लेन उड़ा रहे पायलट की मौत हो गई है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने इस मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे के बाद राहत और बचाव के लिए टीमें पहुंच गई हैं। फायर ब्रिगेड और ऐम्बुलेंस की गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक, इस फ्लाइट की उड़ान संख्या IX1344 है। यह प्लेन दुबई से शाम के 4 बजकर 45 मिनट पर उड़ा था। प्लेन में 174 यात्री और दो पायलट समेत कुल छह क्रू मेंबर सवार थे। हादसे में प्लेन के पायलट की मौत हो गई है।
दो हिस्सों में टूट गया प्लेन
जानकारी के मुताबिक, शाम को 7 बजकर 41 मिनट पर लैंडिंग के वक्त प्लेन रनवे से फिसलकर घाटी में जा गिरा। फिलहाल घायलों और मृतकों की संख्या के बारे में कोई पुष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारी बारिश के कारण रनवे पर जलभराव हो गया था, इसी वजह से प्लेन रनवे से आगे निकल गया और लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। प्लेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और इसके दो हिस्से हो गए हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website