Monday , September 28 2026 11:59 PM
Home / News / अमेरिका: कैलिफोर्निया में एक गुरुद्वारे में नगर कीर्तन के दौरान फायरिंग, 2 लोगों को लगी गोली

अमेरिका: कैलिफोर्निया में एक गुरुद्वारे में नगर कीर्तन के दौरान फायरिंग, 2 लोगों को लगी गोली


अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित एक गुरुद्वारे में दो लोगों को गोली मार दी गई है। अधिकारियों ने घटना का संबंध ‘नफरती अपराध’ से होने से इनकार किया है। सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता सार्जेंट अमर गांधी के मुताबिक, गोलीबारी गुरुद्वारा सैक्रामेंटो सिख सोसाइटी में रविवार दोपहर ढाई बजे हुई। घटना गुरुद्वारे में पहले नगर कीर्तन के दौरान हुई।
‘सैक्रामेंटो बी’ अखबार की खबर के मुताबिक, गांधी ने कहा कि गुरुद्वारे में दो व्यक्तियों के बीच लड़ाई होने लगी। उन्होंने कहा कि एक शख्स ने दूसरे व्यक्ति के मित्र को गोली मार दी। इसके बाद लड़ाई में शामिल दूसरे व्यक्ति ने अपने दोस्त को गोली मारने वाले शख्स को गोली मार दी और फरार हो गया। ‘फॉक्स40.कॉम’ पोर्टल की खबर के मुताबिक, गांधी ने कहा कि गोलीबारी की घटना का संबंध नफरती अपराध से नहीं है और यह दो लोगों के बीच हुए झगड़े का नतीजा है जो एक-दूसरे को पहले से जानते थे।