Wednesday , September 2 2026 8:30 PM
Home / News / India / केतन अग्रवाल की हत्या के लिए चेतन चौधरी ने बनाई थी ‘घोस्ट स्ट्रेटेजी’, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

केतन अग्रवाल की हत्या के लिए चेतन चौधरी ने बनाई थी ‘घोस्ट स्ट्रेटेजी’, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा


केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी चेतन चौधरी ने अपनी प्रेमिका सिया गोयल के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची थी। उसने घोस्ट स्ट्रेटेजी बनाकर केतन अग्रवाल की हत्या की। पुलिस के मुताबिक, उसका मकसद सिया की शादी को रोकना और दोनों के रिश्ते में आ रही बाधा को खत्म करना था। केतन के पिता विशाल देवीचंद अग्रवाल द्वारा दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि चेतन और सिया ने मिलकर केतन को लोहगढ़ किले की ऊंची चट्टान से धक्का देकर मार डाला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पूरी वारदात पहले से प्लान की गई थी। आइए जानते हैं इस हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन
सुबह 7 बजे: चेतन ने अपना मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया ताकि उसकी लोकेशन और मूवमेंट का कोई डिजिटल रिकॉर्ड न बन सके। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह उसकी ‘घोस्ट स्ट्रेटेजी’ का पहला कदम था।
सुबह 8 बजे: अपने ऊपर शक न आए, इसके लिए उसने अपना निजी मोबाइल फोन अपनी दुकान पर छोड़ दिया। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि आने वाली कॉल्स का जवाब वे दें, ताकि लगे कि चेतन वहीं मौजूद है।
दोपहर 12 बजे: चेतन बिना डिजिटल ट्रैक छोड़े लोहगढ़ किले की ओर निकला। रास्ते में जरूरी संपर्क के लिए उसने एक कर्मचारी का फोन इस्तेमाल किया, ताकि अपनी पहचान और लोकेशन छिपा सके।
दोपहर 2 बजे: जांच में सामने आया कि चेतन ने 33 डिग्री की गर्मी में भी मोटी विंटर हुडी पहन रखी थी। उसका मकसद CCTV और सुरक्षाकर्मियों से अपनी पहचान छिपाना था।
दोपहर 2:30 बजे: पुलिस के मुताबिक, विंचू काटा रिज के पास सुनसान जगह पहुंचने के बाद सिया ने बैठकर चेतन को संकेत दिया। इसके बाद चेतन सामने आया और केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
शाम 5:40 बजे: करीब 10 घंटे 40 मिनट तक ऑफलाइन रहने के बाद चेतन ने अपना इंटरनेट चालू किया। उसे लगा कि उसकी प्लानिंग सफल रही, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।
ऐसे हुआ खुलासा – जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा के जरिए चेतन की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। परिवार का आरोप है कि सिया और चेतन के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और दोनों मिलकर इस हत्या की योजना बना रहे थे। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।