Wednesday , June 3 2026 4:12 PM
Home / Sports / आधी रात को ऑस्ट्रेलिया ने कर दिया पाकिस्तान के साथ खेल, 232 रन भी नहीं हुए चेज, बाबर-शाहीन सब फेल

आधी रात को ऑस्ट्रेलिया ने कर दिया पाकिस्तान के साथ खेल, 232 रन भी नहीं हुए चेज, बाबर-शाहीन सब फेल


गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए पाकिस्तान को 41 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में पाकिस्तान ने जीता था जहां डेब्यू करने वाले स्पिनर अराफात मिन्हास ने पांच विकेट चटकाए थे। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला गुरुवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का कमाल – स्पिनरों की मददगार मानी जा रही इस पिच पर कंगारू तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का पासा पलट दिया। कमिंस, हेजलवुड और स्टार्क जैसे दिग्गजों की गैरमौजूदगी में आक्रमण की कमान संभाल रहे एलिस ने महज 33 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। पहले उन्होंने शुरुआती झटके देकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेला और फिर साझेदारी तोड़कर मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया। एडम जम्पा की वापसी के साथ उतरी ऑस्ट्रेलियाई स्पिन चौकड़ी (शॉर्ट, कुहनेमैन, जम्पा और सांघा) ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी हुई फेल – 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस मैच में पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, जब दूसरे ही ओवर में साहिबजादा फरहान (3) और फिर माज सदाकत (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए। बाबर आजम भी सिर्फ 16 रन बनाकर नाथन एलिस का शिकार बने। मिडिल ऑर्डर में गाजी घोरी ने 37 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन सलमान आगा (7) और अब्दुल समद (2) के जल्दी आउट होने से दबाव लगातार बढ़ता गया। हालांकि, लोअर ऑर्डर में शादाब खान ने 104 गेंदों पर 71 रनों की जुझारू पारी खेली और अराफात मिन्हास (33) के साथ मिलकर 59 रनों की साझेदारी से उम्मीदें जगाईं लेकिन इनके अलावा बाकी बल्लेबाजों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की कसी हुई लाइन-लेंथ के आगे पूरी टीम 44 ओवरों में महज 190 रनों पर ही ढेर हो गई।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत रही खराब – इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही जब पहले ही गेंद पर एलेक्स कैरी बोल्ड हो गए। इसके बाद कप्तान जोश इंग्लिस (51) और कैमरून ग्रीन (53) ने सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारियां खेलीं और टीम को संकट से निकाला। निचले क्रम में मैट रेनशॉ के उपयोगी 43 रन और युवा ओलिवर पीक की 32 गेंदों में 31 रनों की तेजतर्रार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मुश्किल ट्रैक पर 231 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।