Wednesday , September 16 2026 6:04 PM
Home / News / इजरायल में अल जजीरा के प्रसारण पर रोक, पीएम नेतन्याहू ने बताया आतंकी चैनल

इजरायल में अल जजीरा के प्रसारण पर रोक, पीएम नेतन्याहू ने बताया आतंकी चैनल


दीर अल-बलाह: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह समाचार चैनल अल जजीरा के प्रसारण पर तत्काल रोक लगा रहे हैं। इजरायली संसद से सोमवार को एक कानून पारित करने के बाद नेतन्याहू ने अल जजीरा को आतंकी चैनल बताते हुए इसे बंद करने का संकल्प जताया। यह कानून पारित होने के बाद सरकार के लिए अल जजीरा का इजरायल में प्रसारण रोकने का रास्ता साफ हो गया। नेतन्याहू ने अल जजीरा पर इजरायली सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने, सात अक्टूबर के हमास हमलों में भाग लेने और इजराइल के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
नेतन्याहू ने क्या लिखा – नेतन्याहू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”अल जजीरा ने इजरायल की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाया, 7 अक्टूबर के नरसंहार में सक्रिय रूप से भाग लिया और आईडीएफ सैनिकों के खिलाफ उकसाया। अब समय आ गया है कि हमारे देश से हमास के शोफर को हटाया जाए। आतंकवादी चैनल अल जज़ीरा अब इजरायल से प्रसारित नहीं होगा। मैं चैनल की गतिविधि को रोकने के लिए नए कानून के अनुसार तुरंत कार्रवाई करने का इरादा रखता हूं। मैं गठबंधन अध्यक्ष ओफिर काट्ज के नेतृत्व वाले गठबंधन सदस्यों के समर्थन से संचार मंत्री श्लोमो कराई द्वारा प्रचारित कानून का स्वागत करता हूं।
कतर का चैनल है अल जजीरा – अल जजीरा मीडिया नेटवर्क कतर का एक मीडिया समूह है। इसका मुख्यालय दोहा में कतर रेडियो और टेलीविजन कॉर्पोरेशन कॉम्प्लेक्स में है। यह नेटवर्क अल जजीरा इंग्लिश, अल जजीरा अरेबिक, एजे+ के साथ-साथ कई अन्य मीडिया संस्थानों को चलाता है। अल जजीरा मीडिया नेटवर्क को कतर सरकार से सार्वजनिक धन प्राप्त होता है, हालांकि वह खुद को एक निजी मीडिया समूह बताता है। अल जजीरा इस दावे को भी खारिज करता है कि कतर सरकार का उसके समाचारों पर प्रभाव होता है। अल जजीरा अपनी मीडिया रिपोर्टिंग को लेकर अक्सर विवादों में रहता है। इस चैनल पर कट्टर इस्लाम की तरफ झुकाव रखने के आरोप भी लग चुके हैं।