Thursday , July 9 2026 8:25 AM
Home / News / India / कॉकरोच जनता पार्टी के X अकाउंट से हटेगा बैन, हाई कोर्ट ने दिया अनब्लॉक करने का आदेश

कॉकरोच जनता पार्टी के X अकाउंट से हटेगा बैन, हाई कोर्ट ने दिया अनब्लॉक करने का आदेश


सोशल मीडिया पर चर्चित ‘ कॉकरोच जनता पार्टी ‘ (CJP) के X अकाउंट को जल्द बहाल किया जाएगा। दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताने के बाद अकाउंट अनब्लॉक करने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि जब सरकार स्वयं आपत्ति नहीं कर रही है तो अकाउंट बहाल किया जाना चाहिए।
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि अकाउंट को उस समय ब्लॉक किया गया था, जब NEET एग्जाम होने वाले थे। सरकार को आशंका थी कि X पर मौजूद कुछ पोस्ट लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच भ्रम और अफरातफरी फैला सकती हैं। उन्होंने कहा कि अब एग्जाम खत्म हो चुके हैं और अकाउंट बहाल करने पर सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। इस पर कोर्ट ने तुरंत अकाउंट अनब्लॉक करने का निर्देश दे दिया।
अभिजीत दिपके की केंद्र को चुनौती – CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार के ब्लॉकिंग आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।
सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत X को यह अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया था।
बताया गया था कि यह फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से मिले इनपुट के आधार पर लिया था।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई है।
यह समूह व्यंग्य के जरिए बेरोजगारी, संस्थागत जवाबदेही, मीडिया की आजादी और शिक्षा जैसे मुद्दों पर टिप्पणी करता है।
फिलहाल यह जंतर मंतर पर NEET और अन्य एग्जाम-पेपर लीक मामलों को लेकर प्रदर्शन भी कर रहा है।
मिली राहत – अकाउंट को उस समय ब्लॉक किया गया था, जब NEET एग्जाम होने वाले थे
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार के ब्लॉकिंग आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी
बारिश के बीच भी जंतर मंतर पर प्रदर्शनकारी डटे रहे
वांगचुक के अनशन के 10 दिन पूरे – ‘बगावत बेरुखी से और भड़केगी वो क्या जानें…’ एक शेर कहते हुए सोनम वांगचुक ने सरकार का ध्यान स्टूडेंट्स के आंदोलन की ओर खींचने की कोशिश की। मंगलवार को उन्होंने अपने अनशन के 10 दिन पूरे किए। वह कमजोर नजर आ रहे हैं और उनका वजन 6.5 किलो कम हो चुका है, उनका बीपी और ब्लड शुगर भी कम हुआ है। हालांकि, सोनम ने साफ किया कि शिक्षा में सुधार के लिए उनका अनशन जारी रहेगा। जंतर मंतर के मंच पर जहां सोनम अनशन पर हैं, तो इसी के एक कोने में कुछ स्टूडेंट्स भी अनशन पर बैठे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरने के 18 दिन पूरे किए।