Thursday , June 4 2026 12:48 AM
Home / News / बांग्लादेश की बड़ी जीत: विदेश मंत्री खलीलुर रहमान चुने गए UNGA अध्यक्ष, भारत-पाकिस्तान ने बधाई दी

बांग्लादेश की बड़ी जीत: विदेश मंत्री खलीलुर रहमान चुने गए UNGA अध्यक्ष, भारत-पाकिस्तान ने बधाई दी


बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने साइप्रस के उम्मीदवार राजदूत एंड्रियास एस काकौरिस को 91 वोटों के मुकाबले 99 वोट हासिल किए। यह चुनाव मंगलवार को न्यूयॉर्क के समय अनुसार सुबह 10:00 बजे (BST के अनुसार रात 8:00 बजे) UN मुख्यालय के महासभा हॉल में हुआ।
बांग्लादेश को दूसरी बार मिला यह पद – बांग्लादेश ने आखिरी बार 1986-87 में यह प्रतिष्ठित पद संभाला था, जब तत्कालीन विदेश मंत्री हुमायूं रशीद चौधरी को 41वीं महासभा का अध्यक्ष चुना गया था। चार दशकों के बाद, बांग्लादेश ने यह पद फिर से हासिल कर लिया है। UNGA का 81वां सत्र 8 सितंबर, 2026 को शुरू होगा, और 22 सितंबर को उच्च-स्तरीय आम बहस शुरू होगी।
एस जयशंकर ने दी बधाई – विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खलीलुर रहमान के यूएनजीए अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ खलीलुर रहमान को बधाई। हमारी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और बहुपक्षीय सहयोग को मज़बूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को लेकर हम उत्सुक हैं।”
पाकिस्तान ने भी दी बधाई – पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने खलीलुर रहमान को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा,”मेरे प्रिय भाई, बांग्लादेश के विदेश मंत्री महामहिम डॉ. खलीलुर रहमान को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई। उनके साथ निकटता से काम करने के अनुभव के आधार पर, मुझे पूरा विश्वास है कि उनका विशाल कूटनीतिक अनुभव और बहुपक्षवाद के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता महासभा का विशिष्टता के साथ मार्गदर्शन करेगी। मैं संयुक्त राष्ट्र में उनके साथ अपना जुड़ाव जारी रखने और बहुपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने, साझा वैश्विक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने तथा संवाद, शांति और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने हेतु उत्सुक हूं। इस महत्वपूर्ण दायित्व और प्रयास में उनकी पूर्ण सफलता की कामना करता हूं।”