Tuesday , September 29 2026 11:49 PM
Home / Sports / बेन स्टोक्स बोले- IPL 2023 में इंग्लैंड के कार्यक्रम पर निर्भर होगी भागीदारी

बेन स्टोक्स बोले- IPL 2023 में इंग्लैंड के कार्यक्रम पर निर्भर होगी भागीदारी

दुनिया भर में बढ़ती टी20 लीग के कारण भले ही कुछ शीर्ष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की प्राथमिकताएं बदली हों लेकिन इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने स्पष्ट किया कि 2023 में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उनकी भागीदारी राष्ट्रीय टीम के कार्यक्रम पर निर्भर करेगी। विश्व के अग्रणी ऑलराउंडरों में से एक स्टोक्स पहले ही 50 ओवरों के प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं और उनके लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने से अधिक महत्वपूर्ण और कुछ नहीं है।
स्टोक्स ने अपनी डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘बेन स्टोक्स: फीनिक्स फ्रॉम द एशेज’ को जारी किए जाने के अवसर पर कहा, ‘यह कार्यक्रम से जुड़ा मसला है। हमें देखना होगा कि आगे किस तरह का कार्यक्रम है। लेकिन मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सर्वोपरि है और मेरे सारे फैसले टेस्ट मैचों के कार्यक्रम पर ही निर्भर होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘अब मैं कप्तान हूं और ऐसा करना मेरी जिम्मेदारी है।’
अब तक 84 टेस्ट मैचों में 5320 रन बनाने वाले और 185 विकेट हासिल करने वाले 31 वर्षीय स्टोक्स ने आईपीएल को ‘शानदार टूर्नामेंट’ करार दिया लेकिन व्यस्त कार्यक्रम से मौका मिलने पर ही वह इसमें खेलेंगे। स्टोक्स ने कहा, ‘मैं चार साल आईपीएल में खेला हूं और जब भी मैं उसमें खेलने के लिए गया मुझे वह बहुत अच्छा लगा। आईपीएल शानदार टूर्नामेंट है, न केवल इसलिए इसमें खेलने का मौका मिलता है बल्कि इसलिए भी कि इसमें आपको दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और कोचों के साथ काम करने का अवसर भी मिलता है।’
उन्होंने कहा, ‘इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनना अद्भुत अनुभव रहा है लेकिन जैसे मैंने कहा आईपीएल के समय के कार्यक्रम पर भी गौर करना होगा। इंग्लैंड का क्रिकेटर होने के नाते हमारा कार्यक्रम काफी व्यस्त रहता है और हम साल भर खेलते रहते हैं।’ राजस्थान रॉयल्स ने स्टोक्स को नीलामी में लगभग 20 लाख डॉलर में खरीदा था।