
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की पहली भारत यात्रा पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। यह पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में किसी पाकिस्तानी विदेश मंत्री की पहली भारत यात्रा है। बिलावल शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत के गोवा पहुंचे हैं। पाकिस्तान इस यात्रा को लेकर दुनियाभर में अपनी उदार छवि को पेश करने में जुटा हुआ है। खुद बिलावल ने वीडियो जारी कर कहा कि उनकी भारत यात्रा का मकसद यह दिखाना है कि पाकिस्तान शंघाई सहयोग संगठन की बैठक को कितनी गंभीरता से ले रहा है। हालांकि, अब बिलावल की भारत यात्रा के असली मकसद को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद समेत कई मुद्दों को लेकर द्विपक्षीय संबंध बुरे दौर से गुजर रहे हैं।
द विल्सन सेंटर में साउथ एशिया इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर माइकल कुगेलमैन ने कहा कि इस्लामाबाद की विदेश नीति के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद करने वाले एक क्षेत्रीय समूह के साथ जुड़ने की इच्छा से परे है। पाकिस्तानी विदेश मंत्री की एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने के कई छिपे हुए कारण हैं। उन्होंने बताया कि संभवत: चीन चाहता था कि पाकिस्तान वहां रहे। ऐसे में पाकिस्तान अपने सबसे करीबी सहयोगी को नकार नहीं सका। वह भी ऐसे समय में जब पाकिस्तान को चीन की सबसे ज्यादा जरूरत है। चीन और पाकिस्तान के बीच सीपीईसी में भ्रष्टाचार, पाकिस्तान में चीनी नागरिकों पर हमले और स्थानीय कानून में फंसाने को लेकर विवाद चल रहा है। पाकिस्तान आर्थिक तंगी से गुजर रहा है, जिसमें उससे सबसे ज्यादा मदद चीन से ही मिलने की उम्मीद है।
यूक्रेन को हथियार सप्लाई पर रूस को सफाई देना है मकसद – कुगेलमैन ने यह भी कहा कि पाकिस्तान रूस-यूक्रेन युद्ध में तटस्थता को प्रदर्शित करने का इच्छुक है। विशेष रूप से यूक्रेन को हथियार भेजने की खबरों के बाद पाकिस्तान के हाथ-पांव फूले हुए हैं। इसको बैलेंस करने के लिए पाकिस्तान रूस से तेल को खरीद रहा है। एससीओ की बैठक में पाकिस्तान को रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को प्यार दिखाने और पुचकारने का भी मौका मिल जाएगा। ऐसी संभावना है कि बिलावल भुट्टो जरदारी चीन और रूस के विदेश मंत्रियों के साथ एससीओ बैठक के इतर द्विपक्षीय बैठक भी करें। यही कारण है कि पाकिस्तान को एससीओ बैठक में हिस्सा लेने में नुकसान से ज्यादा फायदा दिखाई दिया।
Home / News / चीन के दबाव और रूस से लालच की वजह से भारत आये बिलावल, एससीओ में पाकिस्तानी ढोंग का खुलासा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website