
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पिता बन गए हैं। उनकी गर्लफ्रेंड कैरी साइमंड्स ने बुधवार को एक बेटे को जन्म दिया। दंपती ने एक स्टेटमेंट में कहा, ‘‘आज सुबह लंदन के हॉस्पिटल में स्वस्थ बेटा हुआ।’’ उनके प्रवक्ता ने जानकारी दी की मां और बेटा दोनों स्वस्थ्य हैं। जॉनसन और उनकी गर्लफ्रेंड ने नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) के डॉक्टरों का आभार जताया है।
विपक्ष के नेता केर स्टार्मर ने ट्वीट किया, ‘‘वंडरफुल न्यूज, बोरिस जॉनसन और कैरी साइमंड्स को बहुत बधाई।’’
32 साल की कैरी साइमंड्स कंजरवेटिव पार्टी के लिए संचार प्रमुख के तौर पर काम करती थीं, लेकिन अब वे पर्यावरण और समुद्र के संरक्षण के मुद्दों पर काम कर रही हैं। जॉनसन के प्रधानमंत्री बनने के बाद कैरी साइमंड्स डाउनिंग स्ट्रीट पीएम आवास उनके साथ रहने आ गई थीं। वे पहले ऐसे कपल हैं जो बिना शादी के पीएम आवास में रहते हैं।
डेविड कैमरून और टोनी ब्लेयर भी प्रधानमंत्री रहते हुए पिता बने हैं
जॉनसन से पहले डेविड कैमरून की पत्नी समांथा ने 2010 में बेटी फ्लोरेंस को जन्म दिया था। उस समय कैमरून प्रधानमंत्री थे। इससे पहले साल 2000 में टोनी ब्लेयर के पीएम कार्यकाल के दौरान ही उनकी पत्नी चेरी ब्लेयर ने अपने चौथे बच्चे लियो को जन्म दिया था।
जॉनसन चार बच्चों के पिता हैं
जॉनसन पहले से ही चार बच्चों के पिता है। उनके नाम लारा लैटिस (26), मिलो आर्थर (24), कैसिया पीचेस (22) और थियोडोर अपोलो (20) हैं। शादी के 25 साल बाद बोरिस ने अपनी पत्नी बैरिस्टर मैरिना व्हीलर से फरवरी में तलाक ले लिया था। इसके अलावा भी जॉनसन की एक और संतान है। बताया जाता है कि बोरिस जब लंदन के मेयर थे तब उनकी एक गर्लफ्रेंड ने एक बच्चे को जन्म दिया था। हालांकि, जॉनसन ने बार-बार सार्वजनिक रूप से यह बताने से इनकार कर दिया कि उनके कितने बच्चे हैं।
Home / News / बोरिस जॉनसन की गर्लफ्रेंड कैरी साइमंड्स ने बेटे को जन्म दिया, कार्यकाल के दौरान पिता बनने वाले वे तीसरे प्रधानमंत्री
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website