Sunday , May 24 2026 12:52 PM
Home / Sports / ब्रॉड न्यूजीलैंड के खिलाफ हासिल कर सकते हैं उपलब्धि, बोले

ब्रॉड न्यूजीलैंड के खिलाफ हासिल कर सकते हैं उपलब्धि, बोले


ऑकलैंड। अपने टेस्ट करियर में 400 विकेट से एक कदम दूर इंग्लैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड का कहना है कि उनमें अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है। ब्रॉड के इस समय टेस्ट में 399 विकेट हैं और वे न्यूजीलैंड के खिलाफ ईडन पार्क में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में यह मुकाम हासिल कर सकते हैं। अगर ब्रॉड ऐसा करते हैं तो वे टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे।

अभी तक सिर्फ जेम्स एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं। बीबीसी ने ब्रॉड के हवाले से लिखा है, मुझे लगता है कि एक गेंदबाज के तौर पर मैं अभी भी दूसरी टीम का काफी नुकसान कर सकता हूं। मुझे कई बार एक पुराने खिलाड़ी के तौर पर याद किया जाता है क्योंकि मैं काफी समय से खेल रहा हूं।
एशेज में 11 विकेट लेने वाले ब्रॉड हाल ही में अपने गेंदबाजी एक्शन पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मेरा एशेज का दौरा अच्छा नहीं रहा। मुझे इंग्लैंड टीम में आने, बने रहने और सफलता हासिल करने की अभी भी भूख है। 31 साल की उम्र में मुझमें अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है। ब्रॉड के 114 टेस्ट में 29.33 के औसत व 2.98 के इकोनोमी रेट से 399 विकेट हैं। साथ ही वे 121 वनडे में 178 और 56 टी20 में 65 विकेट ले चुके हैं।