Tuesday , June 23 2026 5:16 PM
Home / News / चाबहार पोर्ट में लौटेगी रौनक, कामकाज के लिए जल्द बात कर सकते हैं भारत-ईरान, पाकिस्तान की टेंशन बढ़ना तय

चाबहार पोर्ट में लौटेगी रौनक, कामकाज के लिए जल्द बात कर सकते हैं भारत-ईरान, पाकिस्तान की टेंशन बढ़ना तय


भारत और ईरान जल्द ही रणनीतिक चाबहार पोर्ट पर कामकाज शुरू कर सकते हैं। भारत ने ईरान के चाबहार पोर्ट पर काफी निवेश किया है लेकिन हालिया दिनों में दिल्ली ने यहां अपनी गतिविधियां सीमित कर दी थीं। ईरान में युद्ध रुकने के बाद इलाके में जियोपॉलिटिकल हालात स्थिर हो रहे हैं। ऐसे में भारत-ईरान इस पर बातचीत करेंगे, जिससे चाबहार फिर खुल जाएगा। चाबहार भारत के लिए पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट का मुकाबला करने का जरिया है। चाबहार में भारत की सक्रियता पाकिस्तान के लिए चिंता का सबब बनेगी।
मिंट ने मामले की जानकारी रखने वाले दो लोगों के हवाले से की गई रिपोर्ट में कहा है कि भारत और ईरान जल्द ही चाबहार पोर्ट पर फिर से सामान्य ऑपरेशन की योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। इस कदम से व्यापार का एक अहम रास्ता फिर से खुल जाएगा, जिसे भारत पाकिस्तान को दरकिनार कर अफगानिस्तान और मध्य एशिया से कनेक्टिविटी के लिए जरूरी मानता है।
जल्द बैठ सकते हैं दोनों पक्ष – चाबहार पर अभी कोई समय-सीमा तय नहीं है लेकिन बातचीत में शाहिद बेहेश्ती टर्मिनल पर फोकस होने की उम्मीद है। इसे मई 2024 में हुए 10 साल के समझौते के तहत इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड (IPGL) चला रही है। बातचीत में पोर्ट की कार्गो हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने और मध्य एशिया के साथ संपर्क मजबूत करने के लंबे समय से लंबित प्रस्तावों पर भी विचार किए जाने की संभावना है।
एक सूत्र ने कहा कि सुरक्षा हालात में सुधार के संकेत मिलने के साथ उम्मीद है कि दोनों पक्ष चाबहार में कामकाज को सामान्य करने और क्षमता बढ़ाने के रोडमैप पर फिर से विचार करेंगे। पोर्ट, शिपिंग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और ईरानी दूतावास ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यह बातचीत ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिकी प्रतिबंधों और पश्चिम एशिया में संघर्ष के चलते प्रोजेक्ट पर अनिश्चितता बनी थी।