Sunday , April 26 2026 10:25 PM
Home / News / Covid-19: ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने अपने भारत दौरे को किया छोटा, कोरोना की वजह से लिया फैसला

Covid-19: ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने अपने भारत दौरे को किया छोटा, कोरोना की वजह से लिया फैसला

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इस महीने होने वाले अपने भारत दौरे को छोटा करने का फैसला किया है। यह फैसला भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात के मद्देनजर लिया गया है। ब्रिटिश पीएम के प्रक्ता ने बुधवार को कहा कि भारत यात्रा के दौरान बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। प्रवक्ता ने पत्रकारों को बताया कि पीएम के दौरे को छोटा करने का फैसला भारत सरकार के साथ चर्चा के बाद लिया गया है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने प्रवक्ता ने कहा, ‘दौरे में भारत सरकार और इंडियन बिजनस लीडर्स के साथ उच्च-स्तरीय चर्चाएं फोकस में रहेंगी।’ उन्होंने कहा कि अब 26 अप्रैल को ही ज्यादातर कार्यक्रम रखे जाएंगे। इससे पहले जॉनसन ने संकेत दिए थे कि वह नई दिल्ली के अलावा मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और चेन्नै भी जाना चाहेंगे। लेकिन कोरोना की दूसरी प्रचंड लहर के बाद उन्हें अपने दौरे को री-शेड्यूल और छोटा करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन जनवरी में भारत आने वाले थे। उन्हें 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर न्योता गया था। लेकिन तब यूके में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उस दौरे को रद्द करना पड़ा था। ब्रिटेन इस साल जून में G-7 समिट की मेजबानी करेगा जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष न्योता भेजा गया है।