
तोक्यो: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के दो दिन बाद रविवार को संसद के उच्च सदन के लिए वोट डाले गये। इस बीच, ज्यादातर एग्जिट पोल में आबे की सत्तारूढ़ पार्टी के लिए बड़ी जीत हासिल करने का दावा किया जा रहा है। शुक्रवार की गोलीबारी की घटना के बाद देश में सहानुभूति की लहर के कारण संभवत: इस तरह का चुनाव परिणाम आने की उम्मीद की जा रही है। इस बीच, पुलिस ने पश्चिमी जापान में आबे के कथित हत्यारे को आगे की जांच के लिए स्थानीय अभियोजक कार्यालय को सौंप दिया। एक शीर्ष क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी ने सुरक्षा में संभवत चूक होने की बात स्वीकार की है जिसके चलते हमलावर आबे के इतने करीब पहुंच सका और गोली मार कर उनकी हत्या कर दी।
आबे की सत्तारूढ़ पार्टी को बहुमत के आसार : एनएचके सार्वजनिक प्रसारणकर्ता और अन्य मीडिया संस्थानों ने सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के 125 सीट या उच्च सदन की आधी सीट पर जीत के साथ सामान्य बहुमत हासिल करने का दावा किया है। इसे प्रधानमंत्री फुमिया किशिदा के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है जो 2025 तक देश में निर्बाध शासन कर सकेंगे। जापान के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार आबे की शुक्रवार को एक चुनाव सभा के दौरान भाषण देते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया, जहां बंदूक नियंत्रण संबंधी कड़े कानून हैं।
नारा शहर में चुनाव प्रचार के दौरान हुआ था हमला : आबे को देश के पश्चिमी हिस्से के नारा में भाषण शुरू करने के कुछ मिनटों बाद हमलावर ने आबे पर गोली चलाई थी। आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी सांस नहीं चल रही थी और उनकी हृदय गति रुक गयी थी। पुलिस ने मौके से जापान की नौसेना के एक पूर्व सदस्य तेत्सुया यामागामी को गिरफ्तार किया था।
शिंजो आबे की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया : रविवार के संसदीय चुनाव से पहले आबे की हत्या ने देश को झकझोर कर रख दिया और यह सवाल खड़ा हुआ कि क्या पूर्व प्रधानमंत्री को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान नहीं की गई थी। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य चुनाव प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर तोक्यो लौट आए थे। प्रधानमंत्री किशिदा ने इस हमले को कायराना और बर्बर करार दिया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website