Monday , July 13 2026 9:30 AM
Home / News / ईरान-अमेरिका डील के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुलने में लगेंगे महीनों, एक्सपर्ट ने बताई हकीकत

ईरान-अमेरिका डील के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुलने में लगेंगे महीनों, एक्सपर्ट ने बताई हकीकत


ईरान के साथ शांति समझौते की पुष्ट करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिस मुद्दे पर सबसे ज्यादा जोर दिया है, वह होर्मुज स्ट्रेट है। ट्रंप ने कहा है कि अब दुनियाभर के जहाज तेल लेकर यहां से गुजर सकेंगे। ट्रंप ने तुरंत होर्मुज खुलने और ब्लॉकेड हटाने की बात कही है लेकिन हकीकत में स्थिति अलग है। होर्मुज जलडमरूमध्य में ट्रैफिक को युद्ध से पहले के स्तर पर (28 फरवरी से पहले की स्थिति में) लौटने में महीनों लग सकते हैं। यानी दुनिया को तेल-गैस की सप्लाई सामान्य होने में युद्ध रुकने के बावजूद अभी समय लगेगा।
टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के फ्लेचर स्कूल में मैरीटाइम स्टडीज के प्रोफेसर रॉकफोर्ड वेट्ज का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से ट्रैफिक शुरू करने के लिए सबसे पहले माइन हटाने का काम करना होगा। उन्होंने अल जजीरा को बताया कि माइन हटने में समय लगेगा और इसके बाद भी समुद्री ट्रैफिक के सावधानी से शुरू होने की संभावना है।
मैंने कमर्शियल शिपिंग के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की मंजूरी देते हुए अमेरिकी नेवी की नाकेबंदी हटाने का आदेश दिया है। दुनिया के जहाजों इंजन चालू करो और तेल को बहने दो। डोनाल्ड ट्रंप
जहाज सावधानी से चुनेंगे रास्ता – प्रोफेसर वेट्ज ने कहा, ‘शिपिंग इंडस्ट्री को आगे बढ़ने के लिए भरोसा होना चाहिए। इसलिए हम इस हफ्ते बारीकी से देखेंगे कि चीजें कैसे आगे बढ़ती हैं। एक बार जब जहाज चलने लगेंगे तो पहले कुछ जहाज जाएंगे। सब कुछ ठीक रहा तो फिर और जहाज इस रास्ते को चुनेंगे। हम कह सकते हैं कि होर्मुज में हालात को पूरी तरह सामान्य होने में महीनों लगेंगे।’
वेट्ज ने आगे कहा, ‘शिपिंग में यह रुकावट विशेषज्ञों की उम्मीद से कहीं ज्यादा लंबी रही है। शिपिंग इंडस्ट्री शुरू में पूरी तरह आगे बढ़ने में हिचकिचाएगी। दूसरी बात ये है कि कतर, सऊदी अरब और कुवैत सहित कई खाड़ी देशों में तेल और गैस प्रोडक्शन फैसिलिटीज को नुकसान पहुंचा है। इसलिए उन्हें ठीक होने में कुछ समय लगेगा।’
मुझे लगता है कि युद्ध से पहले के स्तर तक पहुंचने में निश्चित रूप से महीनों लगेंगे। इसमें भी एक अहम शर्त ये है कि सब कुछ ठीक, सुचारू और स्थिर रूप से चले। कोई गड़बड़ फिर चीजों को पटरी से उतार सकती है। प्रोफेसर रॉकफोर्ड वेट्ज
पहले फंसे हुए जहाज निकलेंगे – होर्मुज जलडमरूमध्य ग्लोबल ट्रेड के लिए एक बहुत जरूरी समुद्री रास्ता है। ईरान युद्ध के से पहले दुनिया की 20% तेल और गैस सप्लाई इसी समुद्री रास्ते से होती थी। शांति समझौते के बाद शिपिंग कंपनियां यह देखना चाहेंगी कि डील ठीक से काम कर रही है या नहीं। शिपिंग कंपनियों ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।