Saturday , July 27 2024 3:31 PM
Home / Sports / धोनी के ये 5 रिकॉर्ड जिनको तोड़ना किसी के लिए नहीं होगा आसान

धोनी के ये 5 रिकॉर्ड जिनको तोड़ना किसी के लिए नहीं होगा आसान

dhoni2
नई दिल्ली: भारतीय टीम के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले 10 सालों में भारतीय क्रिकेट टीम की काया पलट कर दी है। भले ही धोनी आजकल अपने चमकीले फॉर्म में ना हों, लेकिन उनके नाम ऐसे बहुत से रिकॉर्ड हैं जिनका निकट भविष्य में टूटना लगभग नामुमकिन दिखाई देता है। तो आइए जानते हैं इन पांच रिकॉर्डों के बारे में।

1. बतौर कप्तान सबसे ज्यादा वनडे मैचों में जीत
भारतीय टीम की ओर से 107 जीतों के साथ धोनी ऑलटाइम सफलतम कप्तान हैं। विश्व स्तर पर वह ऑस्ट्रेलिया के महान कप्ताम एलन बॉर्डर के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इस क्रम में पहले नंबर पर रिकी पोटिंग हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को तीन विश्व कप जितवाने के अलावा 165 वनडे मैचों में बतौर कप्तान जीत दिलवाई है। भारत की ओर से सौरव गांगुली 76 वनडे मैचों में जीत के साथ दूसरे सबसे ज्यादा सक्सेसफुल कप्तान हैं।

2. पहले भारतीय जिसने किए 350 शिकार
इसमें कोई दो राय नहीं है कि एम एस धोनी की विकेटकीपिंग की कला जबरदस्त है। कप्तान/विकेटकीपर धोनी पहले भारतीय हैं जिनके नाम 350 शिकार(261 कैच, 89 स्टंपिंग्स) हैं। उनसे आगे सिर्फ कुमार संगकारा(482), एडम गिलक्रिस्ट(472) और मार्क बाउचर(424) ही हैं। उनके पहले सबसे सफलतम भारतीय विकेटकीपर नयन मोंगिया थे जिनके नाम 154 शिकार थे। धोनी का यह शिकार जल्दी तो कतई टूटता दिखाई नहीं देता।

3. भारतीय विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा रन
धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक कुल 8,918 रन दर्ज है। जिसमें उन्होंने 8,744 रन भारत की ओर से खेलते हुए बनाए हैं और बाकी उन्होंने एशिया एकादश की ओर से खेलते हुए बनाए हैं। वर्तमान और भविष्य में ऐसा कोई भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिखाई नहीं देता जो निकट भविष्य में धोनी के इस भारी भरकम रिकॉर्ड को तोड़ पाए।

4. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भारतीय के द्वारा सबसे ज्यादा छक्के
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एम एस धोनी के नाम अब तक कुल 302 छक्के हैं और वर्तमान में धोनी छक्के जडऩे के मामले में दूसरे भारतीय बल्लेबाजों से कोसों आगे हैं। वर्तमान भारतीय टीम में रोहित शर्मा ही उनके बाद 127 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं विराट कोहली के नाम अभी 113 छक्के हैं। वैस ये रिकॉर्ड भी इतनी जल्दी टूटता नजर नहीं आता।

5. भारतीय विकेटकीपर द्वारा बनाया गया 183 रनों का सर्वोच्च स्कोर
अगर कोई नया नवेला भारतीय विकेटकीपर धोनी का 183 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दे तो इसे अभूतपूर्व प्रयास कहा जाएगा। धोनी ने अपने करियर की शुरुआत में ही जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ 183 रन ठोक दिए थे। यह स्कोर दुनिया के किसी भी विकेटकीपर के द्वारा वनडे में बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। उके बाद नाम एडम गिलक्रिस्ट का आता है जिनके नाम वनडे में 172 रनों का सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *