
अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप के खेलों का आयोजन भारत में ही होगा। फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा (FIFA) ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) पर लगाया गया प्रतिबंध शुक्रवार को हटा दिया। उसने यह फैसला तब लिया है जब सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासकों की समिति भंग कर दी है। फीफा के इस फैसले से भारत के अक्टूबर में महिलाओं के अंडर-17 विश्वकप की मेजबानी का रास्ता साफ हो गया है।
गौरतलब है कि फीफा ने ‘तीसरे पक्षों के अनुचित दखल’ के लिए 15 अगस्त को एआईएफएफ को निलंबित कर दिया था। फीफा ने एक बयान में कहा, ‘फीफा परिषद के ब्यूरो ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) पर तीसरे पक्ष के अनुचित दखल के कारण लगाया गया निलंबन हटाने का फैसला किया है।’ फीफा की ओर से एक बयान में कहा गया था कि निलंबन तभी हटेगा, जब एआईएफएफ कार्यकारी समिति की जगह प्रशासकों की समिति के गठन का फैसला वापस लिया जाएगा और एआईएफएफ प्रशासन को महासंघ के रोजमर्रा के काम का पूरा नियंत्रण दिया जाएगा।
अब फीफा ने कहा, ‘फीफा ने यह फैसला तब लिया है जब उसे इस फैसले की पुष्टि की गई है कि एफआईएफएफ कार्यकारी समिति की शक्तियां अपने हाथों में लेने वाली प्रशासकों की समिति भंग कर दी गई है और एफआईएफएफ प्रशासन ने उसकी दैनिक गतिविधियों पर फिर से पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है।’
बयान में कहा गया है, ‘इसके परिणामस्वरूप भारत में 11 से 30 अक्टूबर 2022 को होने वाला फीफा अंडर-17 महिला विश्वकप निर्धारित योजना के अनुसार होगा।’ फीफा ने कहा कि वह और एएफसी स्थिति की निगरानी करते रहेंगे और एफआईएफएफ को समयबद्ध तरीके से अपना चुनाव कराने में मदद करेंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website