
रियादः सऊदी अरब सरकार ने सोमवार को कहा कि देश में पहली बार महिलाओं के लिये इस शुक्रवार को खेल स्टेडियमों के दरवाजे खुलेंगे, जहां वे फुटबाल मैच का लुत्फ उठा सकेंगी।
देश के सूचना मंत्रालय ने कहा कि, ‘महिलायें जिस फुटबाल मैच को पहली बार स्टेडियम में देखेंगी वह अल-अह्ली और अल बातिन के बीच होगा। इसके बाद महिलायें 13 जनवरी और फिर 18 जनवरी को भी स्टेडियम में मैच देख सकेंगी।’ इनमें से पहला मैच रियाद, दूसरा जेद्दा और तीसरा दम्माम में खेला जायेगा। रूढि़वादी देश के रूप में जाने जाने वाले सऊदी अरब ने हाल के दिनों में महिलाओं पर लगे प्रतिबंध में छूट दी है। इससे पहले सितंबर में सैकड़ों महिलाओं को रियाद खेल स्टेडियम में जाने की अनुमति दी गयी थी।
रूढ़िवादी देश में सुधार कार्यक्रमों का आगाज
पिछले महीने देश के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर अधिकारियों ने सैकड़ों महिलाओं को रियाद के एक फुटबाल स्टेडियम में प्रवेश की इजाजत दी थी। इससे पहले जुलाई में शिक्षा मंत्रालय ने लड़कियों को स्कूल स्तर पर खेलों में भाग लेने की अनुमति दी थी।
इस घोषणा को अति रूढ़िवादी देश में युवराज मोहम्मद बिन सलमान के महत्वाकांक्षी सुधार कार्यक्रमों से जोड़ कर देखा जा रहा है। इसमें महिलाओं को अगले जून से वाहन चलाने की अनुमति देना भी शामिल है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website