Monday , April 27 2026 9:32 AM
Home / News / जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भाषण के दौरान मारी गोली, बुरी तरह से घायल, हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भाषण के दौरान मारी गोली, बुरी तरह से घायल, हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है


जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को एक सभा में भाषण के दौरान गोलियां मारी गई हैं। बताया जा रहा है कि दो गोलियां शिंजो आबे को लगी है। उनके शरीर से खून बह रहा है। गोली लगने के बाद वह गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहने लगा। गोलीबारी की यह घटना जापान के नारा प्रांत में हुई है। शिजो आबे को एंबुलेंस से तत्‍काल अस्‍पताल ले जाया गया है। हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।
जापानी मीडिया के मुताबिक शिंजो आबे एक रैली के बीच थे और इसी दौरान उन पर यह जानलेवा हमला हुआ। सरकारी समाचार प्रसारक एनएचके ने बताया कि गोली लगने के बाद शिंजो आबे के शरीर से खून बह रहा था। इस दौरान गोलियों की आवाजें सुनी गई हैं। पुलिस ने बताया कि शिंजो आबे पर पीछे से हमला किया गया है। उन्‍हें एक शॉटगन से गोली मारी गई। गोली लगते ही शिंजो आबे बेहोश हो गए। उनके हृदय ने काम करना बंद कर दिया।
शिंजो आबे के शरीर में हरकत नहीं हो रही : जापान की पुलिस ने शिंजो आबे पर हमला करने वाले हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। स्‍थानीय मीडिया जिजि ने बताया कि शिंजो आबे के गले से खून बह रहा था। उन्‍हें तत्‍काल एंबुलेंस से अस्‍पताल ले जाया गया। डॉक्‍टरों की टीम शिंजो आबे का इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद श‍िंजो अबे जब अचेत हो गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्‍हें तत्‍काल सीपीआर दिया ताकि उनकी जान बचाई जा सके।
जापानी मीडिया ने बताया कि शिंजो आबे अपनी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्‍मीदवार के समर्थन में भाषण देने के लिए नारा प्रांत पहुंचे थे। इसी दौरान स्‍थानीय समयानुसार सुबह 11: 30 बजे उन पर पीछे से गोली चलाई गई। जापानी मीडिया के मुताबिक उनके शरीर में हरकत नहीं देखी जा रही है और वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हमलावर की गोली उनके सीने में लगी है।