Saturday , August 15 2026 12:18 AM
Home / News / ईरान में शुरू होगा जमीनी हमला, इजरायल-अमेरिका के समर्थन से कुर्दों की धावा बोलने की तैयारी

ईरान में शुरू होगा जमीनी हमला, इजरायल-अमेरिका के समर्थन से कुर्दों की धावा बोलने की तैयारी

ईरान की सरकार के खिलाफ कुर्द लड़ाकों ने लड़ाई शुरू कर दी है। कुर्द लड़ाकों ने कथित तौर पर इराकी बॉर्डर के पास के इलाकों से ईरान में एंट्री करते हुए गतिविधियां शुरू की हैं। ये लड़ाके जमीन पर तेहरान शासन के खिलाफ हमले करेंगे। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर बमबारी की जा रही है। ऐसे में अगर उनके समर्थन से कुर्द गुट जमीन पर लड़ाई लड़ते हैं तो ईरान में युद्ध और भीषण हो सकता है।
इजरायल की न्यूज वेबसाइट यरूशलम पोस्ट ने इजरायली और अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बुधवार को दावा किया है कि सैकड़ों कुर्द लड़ाके इराकी बॉर्डर से ईरान के अंदर जा रहे हैं। ईरान-इराक बॉर्डर पर कुर्द गुट तेहरान का विरोध करते रहे हैं। कुर्दों के गुट इराक के कुर्दिस्तान इलाके से ईरान की सीमा पर काम करते हैं।
रिपोर्ट बताती है कि हथियारबंद कुर्द गुट पश्चिमी ईरान में जमीनी ऑपरेशन में हिस्सा लेने की तैयारी कर रही हैं। इसका मकसद ईरानी सुरक्षा बलों पर हमले करना और तेहरान की सरकार को अस्थिर करना है। बॉर्डर एरिया में ईरानी मिलिट्री कुर्दों से लड़ेगी तो इसका फायदा ईरान के अंदर बड़े शहरों में अव्यवस्था के लिए किया जाएगा।
यरूशलम पोस्ट ने एक सीनियर कुर्दिश सोर्स के हवाले से कहा कि वह तेहरान के मौजूदा हालात को बड़े मौके की तरह देख रहे हैं। उसने कहा कि यह एक बड़ा मौका है। ईरान पर भारी मिलिट्री प्रेशर और सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट करके किए जा रहे इजरायल और अमेरिकी हमलों ने तेहरान की सत्ता को कमजोर कर दिया है।
अमेरिका-इजरायल से संपर्क – डोनाल्ड ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन और कुर्दिश गुटों के बीच हालिया दिनों में लगातार बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इसमें इराक में कुर्दिश नेताओं के अलावा ईरानी कुर्दिश विपक्षी ग्रुप के नेताओं से बातचीत भी शामिल है। कुर्दिश गुट इजरायल और अमेरिका के लिए एक ग्राउंड एलिमेंट के तौर पर काम कर सकती है, जो कुछ इलाकों में ईरानी शासन को अस्थिर करे।
कुर्दिश आर्मी को ऐसी एक्टिविटी के लिए अमेरिका और इजरायल से समर्थन मिलेगा। इस सपोर्ट में इंटेलिजेंस शेयरिंग, मिलिट्री मदद और ऐसे ऑपरेशनल हालात बनाना शामिल है, जिससे कुर्दिश लड़ाके ईरानी इलाके के अंदर हमले कर सके। हालांकि ईरानी शासन और रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कुर्दों की एक्टिविटी से जुड़ी रिपोर्ट को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्ट का मकसद ईरान को अस्थिरकरना है।