
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने खेतों में काम कर रहे 17 किसानों की हत्या कर दी है। इस हमले में 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। हमला शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के जमफारा राज्य में माराडुन इलाके के गोरोन नामाये शहर में हुआ। अभी तक किसी भी गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हाल के महीनों में देश में हथियारबंद चरमपंथी समूहों के हमलों में तेजी आई है।
खेतों में काम कर रहे लोगों पर हमला – एक स्थानीय निवासी के हवाले से एसोसिएटेड प्रेस ने बताया कि किसान अपनी जमीन पर काम कर रहे थे, तभी डाकुओं ने अचानक हमला कर उनमें से 17 लोगों को मार डाला। माराडुन की स्थानीय सरकार के चेयरमैन सुनसी दोसारा ने कहा इस हमले के लिए जमफारा राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह हमला जमफारा राज्य सरकार के बंदूकधारियों के साथ बातचीत से इनकार करने का नतीजा था।
दोसारा ने सुरक्षा बलों से मरादुन के जंगल में स्थित बयान-रुवा ठिकाने को ध्वस्त करने को कहा है, जहां हमलावर बंदूकधारी छिपे हुए हैं। इसके पहले गुरुवार को माराडुन के एक समुदाय में बंदूकधारियों ने उस समय 39 लोगों का अपहरण कर लिया। यह घटना उस समय हुई जब स्थानीय लोग शांति वार्ता के लिए एक संदिग्ध चरमपंथी गिरोह के सरगना के माता-पिता से मिल रहे थे।
नाइजीरिया में स्थानीय गिरोहों के हमले तेज – यह हमला सुरक्षा की चुनौती को उजागर करता है, जहां हथियारबंद समूह समुदायों और स्कूलों पर हमले करते रहते हैं। इसके पहले बुधवार को नाइजीरिया के मध्य कोगी राज्य में एक स्कूल पर हमले में बंदूकधारियों ने 3 लोगों की हत्या कर दी थी। नाइजीरिया में विद्रोह और फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं के कारण पिछले कुछ सालों में हजारों लोगों की मौत हुई है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।
इसी महीने की शुरुआत में देश के सोकोतो राज्य में एक ग्रामीण समुदाय पर दो दिनों तक हुए हमलों में अपराधी गिरोहों ने कम से कम 37 लोगों की हत्या कर दी थी। AFP की रिपोर्ट के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने टुटोरिया जिले के एक गांव में 1 जून को कम से कम 17 लोगों की हत्या कर दी। अगले दिन 2 जून को हमलावर फिर लौटे और 20 और लोगों को मार डाला था।
Home / News / नाइजीरिया में बंदूकधारियों का हमला, खेतों में काम कर रहे 17 लोगों को उतारा मौत के घाट, 13 घायल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website