
कीरोन पोलार्ड को हाल में ही मुंबई इंडियंस ने अपना हेड कोच नियुक्त किया है। इसके तुरंत बाद पोलार्ड ने साउथ अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 से हटने का फैसला किया है। 39 साल के पोलार्ड को इस लीग के ऑक्शन में जोबर्ग सुपर किंग्स ने खरीदा था। उन्होंने सुपर किंग्स की मैनेजमेंट को अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दे दी है। हालांकि मुंबई इंडियंस को पोलार्ड के किसी और फ्रेंचाइजी के लिए खेलने से कोई समस्या नहीं थी। क्रिकबज को सूत्रों से यह जानकारी मिली थी।
सुपर किंग्स को रिप्लेसमेंट की तलाश – जोबर्ग सुपर किंग्स का मालिकाना हक आईपीएल की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के पास है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स और सुपर किंग्स की सभी फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने पोलार्ड के फैसले की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने हमें बताया है कि वह जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए नहीं खेल पाएंगे। अब हम उनके विकल्प की तलाश करेंगे।’
एमआई ने बोली नहीं लगाई थी – मुंबई इंडियंस की मौजूदगी वाली किसी भी लीग में कीरोन पोलार्ड ने किसी और फ्रेंचाइजी के लिए नहीं खेला है। एसए20 की नीलामी में जोबर्ग सुपर किंग्स ने पोलार्ड को 15 लाख दक्षिण अफ्रीकी रैंड में खरीदा था। वह पिछले सीजन तक एमआई केपटाउन का हिस्सा थे। लेकिन ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उनपर बोली भी नहीं लगाई थी। एमआई ने उनकी जगह वेस्टइंडीज के ही शिमरोन हेटमायर को खरीद लिया था।
पोलार्ड 5 बार आईपीएल चैंपियन रह चुके – वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कीरोन पोलार्ड 2010 में आईपीएल में मुंबई इंडियंस से जुड़े। वह 2022 तक फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे। 13 सीजन में पोलार्ड ने 5 बार टीम को चैंपियन बनने में मदद की। 2023 सीजन से पहले उन्होंने आईपीएल से संन्यास ले लिया था। पोलार्ड के जाने के बाद से अभी तक मुंबई इंडियंस ने एक भी खिताब नहीं जीता है। पोलार्ड ने इसके अलाव एमआई केपटाउन के लिए 12, एमआई न्यूयॉर्क के लिए 30 जबकि एमआई एमरिट्स के लिए 25 मुकाबले खेले हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website