Sunday , June 28 2026 1:50 AM
Home / News / India / सिया गोयल और चेतन चौधरी कैसे आए करीब? 10 घंटे पूछताछ में भाई ने उगले राज, केतन अग्रवाल हत्याकांड के पुणे पुलिस ने जोड़े तार

सिया गोयल और चेतन चौधरी कैसे आए करीब? 10 घंटे पूछताछ में भाई ने उगले राज, केतन अग्रवाल हत्याकांड के पुणे पुलिस ने जोड़े तार


पुणे के केतन अग्रवाल की हत्या की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्ते के तार जोड़ लिए हैं। चेतन की न सिर्फ सिया से दोस्ती थी, बल्कि वह उसके भाई साहिल को जानता था। चेतन पुणे के क्लबों के लिए क्रिकेट खेलता था। साहिल के साथ उसने कई मैच खेले थे। इसी जान-पहचान की वजह से सिया और चेतन एक-दूसरे के संपर्क में आए। फिर दिवाली की पार्टी में दोनों करीब आ गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि केतन की हत्या के बाद दोनों ने अपनी कॉल डिटेल और ऑनलाइन एक्टिविटी हिस्ट्री डिलीट कर दी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चेतन एक क्रिकेटर है और उसने साहिल के साथ कई मैच खेले थे। सिया अक्सर मैचों के दौरान अपने भाई के साथ जाती थी। ऐसे ही मैच सिया और चेतन की पहली बार जान-पहचान हुई थी और बाद में वे फिर से संपर्क में आए।
सिया गोयल के भाई साहिल से 10 घंटे पूछताछ – पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से पुलिस ने शुक्रवार को करीब दस घंटे तक पूछताछ की और बाद में उसे घर जाने दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि साहिल गोयल से उसकी बहन के सह-आरोपी और प्रेमी चेतन चौधरी के साथ संबंधों के बारे में पूछताछ की गई। लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि हमने उसे पूछताछ के लिए सुबह बुलाया था। देर शाम उसे जाने दिया गया। हमने उससे कुछ बातों की पुष्टि की। उससे करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई।
दिवाली पार्टी में बने दोस्त – दोनों की दोबारा मुलाकात 2025 में एक कॉमन फ्रेंड की दीवाली पार्टी में हुई थी, जिसके बाद उनकी बातचीत काफी बढ़ गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड से सामने आया कि दिवाली पार्टी के बाद दोनों कई महीनों तक लगातार संपर्क में रहे। पुलिस के डेटा के अनुसार, जनवरी से सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच कुल 2,004 कॉल हुए। दोनों के बीच 238 घंटे की लगातार बातचीत हुई।
फोन से डिलीट किया डाटा – पुलिस के मुताबिक, जांच टीम चेतन और सिया के फोन से डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट, इंस्टाग्राम चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि लोहगढ़ में हुई घटना से पहले और बाद में बातचीत डिलीट की गई थी। दोनों ने न सिर्फ फोन से मैसेज डिलीट किए बल्कि रीसायकल बिन भी खाली कर दिए। उन्होंने अपने डिवाइस से सभी सबूतों को मिटाने की कोशिश की। लोनावला डिवीज़न के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस, गजानन टोनपे ने बताया कि पुलिस पहले ही सिया के भाई साहिल गोयल से पूछताछ कर चुकी है। अब इस मामले से जुड़े अन्य रिश्तेदारों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जाएंगे।