Saturday , April 25 2026 5:10 PM
Home / News / इजरायल हारा तो अगला निशाना यूरोप… पीएम नेतन्‍याहू ने दी बड़ी चेतावनी, जानें किससे है खतरा

इजरायल हारा तो अगला निशाना यूरोप… पीएम नेतन्‍याहू ने दी बड़ी चेतावनी, जानें किससे है खतरा


इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि गाजा में चल रहे संघर्ष में उनका जीतना जरूरी है। अगर इजरायल इस जंग में पिछड़ता है तो फिर यूरोप को एक बड़े खतरे का सामना करना पड़ सकता है। नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल इस समय ईरान, हमास और इनके कई सहयोगियों के साथ युद्ध में है। अगर इजरायल इस जंग में कामयाब नहीं रहता है तो फिर मिडिल ईस्ट ईरान के प्रभाव में चला जाएगा। इससे पूरा यूरोपीय महाद्वीप खतरे में आ जाएगा।
नेतन्याहू ने सोमवार को 80 विदेशी दूतों के एक ग्रुप से बातचीत में कहा कि हम जो जंग देख रहे हैं, ये सभ्यता और बर्बरता के बीच की लड़ाई है। ऐसे में हमास के खिलाफ इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना जरूरी है। साथ ही उसके मददगारों को भी कमजोर करना होगा। ऐसे में इजरायल को सैन्य अभियान के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन मिलना चाहिए।
नेतन्याहू और जो बाइडेन में हुई बात – अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच सोमवार को फोन पर बातचीत हुई है। इस बातचीत का मुद्दा गाजा में चल रही लड़ाई रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने नेतन्याहू के साथ हमास के कब्जे से बंधकों को छुड़ाने, आम नागरिकों को सुरक्षित निकलने का रास्ता देने, युद्धग्रस्त इलाके में मानवीय सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करने और सामरिक विराम की संभावना के बारे में बात की। दोनों नेताओं ने आने वाले सप्ताह में मानवीय मदद में वृद्धि करने की आवश्यकता पर चर्चा की, जिसमें गाजा में जाने वाले ट्रकों की स्क्रीनिंग और स्टेजिंग की क्षमता बढ़ाना भी शामिल है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने दोनों नेताओं की बातचीत के बाद कहा कि अमेरिका इस लड़ाई में अस्थायी और स्थानीय विराम की वकालत करना जारी रखेगा।
इजरायल में हुए आतंकी हमले के बाद गाजा में लड़ाई छिड़ी हुई है। इजरायल की ओर से लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई में गाजा में करीब 10,000 लोग मारे जा चुके हैं। इसमें बड़ी संख्या में बच्चे हैं। हजारों की तादाद में लोग जख्मी और बेघर हुए हैं। गाजा में आम लोग जिस तरह से प्रभावित हैं, उसके चलते इजरायल की सरकार पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार दबाव बना रहा है कि गाजा तक अधिक सहायता पहुंचाने में कोई अड़चन ना खड़ी की जाए।