
भारत और चीन में जारी तनाव के बीच रूस ने भारत को बड़ा समर्थन दिया है। रूस का कहना है कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का मजबूत दावेदार है और रूस के लिए भारत का समर्थन करेगा। बता दें कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस में विक्ट्री डे परेड के लिए पहुंचे हुए हैं। इससे पहले रूस ने कहा है कि भारत और चीन आपस में अपने विवाद को सुलझा लेंगे और उन्हें किसी और की जरूरत नहीं है।
भारत की मजबूत दावेदारी
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लवारोव ने मंगलवार को कहा, ‘आज हमने सुयंक्त राष्ट्र में संभव बदलावों के बारे में बात की और भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनने का मजबूत दावेदार है और हम भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं। हमें विश्वास है कि भारत सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बन सकता है।’
आठवीं बार अस्थायी सदस्य बना भारत
बता दें कि 17 जून को भारत ने आठवीं बार UNSC की अस्थायी सदस्यता हासिल की थी। भारत को 192 बैलट वोट्स में से 184 वोट मिले थे। निर्विरोध चुने जाने के बाद अब भारत 2021-22 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च संस्था का अस्थाई सदस्य बन गया। वहीं, सर्गेई ने कहा है कि भारत और चीन को किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं और दोनों देश अपने विवाद को खुद ही सुलझा लेंगे। उन्होंने आशा जताई कि स्थिति शांतिपूर्ण रहेगी और दोनों ही देश विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
रूस ने की थी कोशिश
बता दें कि रूस भारत और चीन के बीच चरम पर पहुंचे तनाव को कम करने की कोशिशों में जुट गया है। मॉस्को पिछले दरवाजे से बातचीत के जरिए मुद्दे को सुलझाने की जुगत कर रहा है। हालांकि रूस के इन कोशिशों के पीछे कई अन्य अहम कारण भी हैं। हाल ही में चीन पर रूस ने खुफिया जानकारी एकत्र करने का आरोप लगाया है। ऐसे में रूस अपने पुराने दोस्त भारत को लेकर ज्यादा ऐक्टिव हो गया है। भारत और चीन दोनों से बेहतर रिश्तों का इस्तेमाल कर रूस इस तनाव को कम करवाना चाह रहा है। यही वजह है कि तनाव के बाद भी मॉस्को में विक्ट्री डे परेड के जरिए रूस भारत और चीन के साथ बैठक कर रहा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website