Saturday , April 20 2024 4:40 PM
Home / News / India / भारत है रूस का घनिष्ठ दोस्त, पाकिस्तान से नहीं है नजदीकी: पुतिन

भारत है रूस का घनिष्ठ दोस्त, पाकिस्तान से नहीं है नजदीकी: पुतिन


सेंट पीटर्सबर्ग (रूस): राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने कहा कि रूस के पाकिस्तान के साथ ‘घनिष्ठ’ सैन्य संबंध नहीं हैं और भारत के साथ उसकी करीबी दोस्ती को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पुतिन ने कहा कि दुनिया में और कोई दूसरा देश नहीं है जिससे मिसाइल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में रूस की गहन साझेदारी हो और भारत के साथ सहयोग से वह लाभान्वित होता है।
कश्मीर पर पूछे गए सवाल को टाल गए पुतिन
उसी समय पुतिन ने कश्मीर पर एक प्रश्न से बचते हुए कहा कि इस बात का आकलन करना ‘‘आप पर निर्भर करता है’’ कि क्या पाकिस्तान भारतीय राज्य में आतंकवाद को प्रसारित कर रहा है। उन्होंने कहा,‘‘लेकिन खतरा कहीं से भी हो, यह अस्वीकार्य है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम हमेशा भारत का समर्थन करेंगे।’’
रूस के भारत के साथ विशेष संबंध
पुतिन ने आगे कहा कि रूस के भारत के साथ विशेष संबंध हंै, केवल इससे यह अर्थ नहीं निकल जाता कि भारत को अन्य साझेदार देशों के साथ संपर्क सीमित कर लेने चाहिए। यह हास्यास्पद है। एक दुभाषिये के जरिये बातचीत में रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पाकिस्तान के साथ हमारे कोई घनिष्ठ सैन्य संबंध नहीं हैं। अमेरिका से क्या आपके हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘और निश्चित रूप से पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्तों का भारत और रूस के बीच व्यापार पर कोई असर नहीं है।’’
कुछ वैश्विक समाचार एजेंसियों के संपादकों के चुनिंदा समूह के साथ एक आयताकार मेज के इर्दगिर्द बैठकर बात करते हुए 64 वर्षीय रूसी नेता ने एक-एक करके प्रश्नों के जवाब दिए। इनमें केवल संपादकों के देशों से जुड़े विषयों पर ही सवाल नहीं थे बल्कि सीरिया, अमेरिका, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एक उभरती बहुधु्रवीय दुनिया के भविष्य जैसे व्यापक वैश्विक चिंता वाले मुद्दों पर भी प्रश्न थे।