Monday , June 29 2026 9:11 PM
Home / News / ‘भारत को शेख हसीना के समर्थन पर माफी मांगनी चाहिए’, बांग्लादेश की संसद में नाहिद इस्लाम के कड़वे बोल, निशाने पर नए उच्चायुक्त

‘भारत को शेख हसीना के समर्थन पर माफी मांगनी चाहिए’, बांग्लादेश की संसद में नाहिद इस्लाम के कड़वे बोल, निशाने पर नए उच्चायुक्त

बांग्लादेश की विपक्षी नेशनल सिटिजन पार्टी के सांसद नाहिद इस्लाम ने भारत से माफी की मांग की है। इस्लाम का कहना है कि 16 सालों तक शेख हसीना की ‘अत्याचारी’ अवामी लीग सरकार का समर्थन करने के लिए दिल्ली को ढाका से माफी मांगनी चाहिए। संसद में 2026-27 के प्रस्तावित राष्ट्रीय बजट पर चर्चा के दौरान नाहिद ने ये बातें कही हैं। नाहिद ने बॉर्डर पर तनाव को लेकर भी भारत पर कई आरोप लगाए हैं और अपनी सरकार से सख्त रुख अपनाने की अपील की है।
विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम ने रविवार को कहा कि बांग्लादेश में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को ढाका से माफी मांगनी चाहिए थी। यह माफी पिछले 16 सालों में अवामी लीग सरकार को भारत के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष समर्थन के लिए होनी चाहिए थी। नाहिद ने शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन के दौरान हिंसा और शरीफ उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों को पनाह देने के लिए भी भारत की ओर उंगली उठाई।
नाहिद ने भारत पर लगाए आरोप – नाहिद इस्लाम ने संसद में कहा, ‘भारत के नए उच्चायुक्त बांग्लादेश आए। उन्होंने यहां साझा आसमान और जमीन के बारे में मीठी-मीठी बातें कीं लेकिन हम पिछले 16 सालों को भूले नहीं हैं। इन बातों के बजाय भारतीय राजदूत को यह बताना चाहिए था कि नई दिल्ली सम्मान और समानता के आधार पर बांग्लादेश के साथ नए संबंध कैसे बनाना चाहती है।’
नाहिद इस्लाम ने आरोप लगाया कि भारत लोगों को अवैध बांग्लादेशी नागरिक बताकर बांग्लादेश में धकेलने की कोशिश कर रहा है। बीएनी सरकार के सत्ता में आने के बाद से बॉर्डर पर 10 बांग्लादेशियों की हत्या की गई है। इसके बावजूद संसद ने बजट सत्र के दौरान पुश-इन (लोगों को जबरन भेजने) के मुद्दे पर चर्चा के लिए समय नहीं दिया गया।
तारिक रहमान की सरकार पर निशाना – पश्चिम बंगाल के सीएम सुभेंदु अधिकारी के हालिया बयानों का जिक्र भी बांग्लादेश की संसद में किया गया। नाहिद ने कहा कि भारतीय राजनेता बांग्लादेश के बारे में ‘गैर-जिम्मेदाराना’ टिप्पणियां कर रहे हैं। बांग्लादेश सरकार और विदेश मंत्रालय को इसका कड़ा जवाब देना चाहिए। हमारी सरकार को इस मामले में सख्ती दिखाने की जरूरत है।
नाहिद ने कहा कि तारिक रहमान सरकार की बांग्लादेश फर्स्ट (बांग्लादेश सबसे पहले) नीति केवल बातों में नहीं बल्कि काम में भी दिखनी चाहिए। विदेश नीति को संभालने और पड़ोसी देशों के साथ सम्मानजनक रिश्ते बनाने की जिम्मेदारी सरकार की है। इस पर तारिक रहमान और उनकी सरकार को काम करने की जरूरत है।