
अमेरिका की बॉर्डर पुलिस ने भारतीयों को निर्वासित किए जाने का वीडियो जारी किया है। इसमें भारतीयों के हाथों में हथकड़ी है, जबकि उनके पैर भी चेन से बंधे हुए हैं। बुधवार को अमेरिकी सेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान भारत के अमृतसर में पहुंचा था। इसमें 104 भारतीय सवार थे।
अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को भेजे जाने के बाद अब अमेरिकी सीमा पुलिस ने इसका वीडियो जारी किया है। अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल पुलिस की तरफ से जारी किए वीडियो और तस्वीरों में हथकड़ीं और जंजीरों में बंधे भारतीयों को दिखाया गया है। बुधवार 5 फरवरी को अमेरिकी सेना का सी-17 ग्लोबमास्टर सैन्य परिवहन विमान 104 भारतीयों को लेकर भारत के पंजाब प्रांत के अमृतसर में उतरा था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सामूहिक निर्वासन अभियान के तहत अवैध प्रवासियों को अमेरिकी सेना के जरिए उनके देश में वापस भेजा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो – अमेरिका की बॉर्डर पेट्रोल पुलिस (USBP) चीफ माइकल डब्ल्यू बैंक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘यूएसबीबी और उसके सहयोगी ने अवैध विदेशियों को सफलतापूर्वक भारत वापस भेजा, जो सैन्य परिवहन का उपयोग करते हुए अब तक की सबसे लंबी निर्वासन उड़ान थी। यह मिशन आव्रजन कानूनों को लागू करने और त्वरित निष्कासन सुनिश्चित करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यदि आप अवैध रूप से सीमा पार करते हैं, तो आपको हटा दिया जाएगा।’
अमेरिकी दूतावास ने क्या कहा? – इस बीच निर्वासन फ्लाइट को लेकर भारत में अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि हमारे राष्ट्र के आव्रजन कानूनों को लागू करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अस्वीकार्य और हटाए जाने वाले विदेशियों के खिलाफ आव्रजन कानूनों को लागू करना अमेरिका की नीति है।
40 घंटे तक हथकड़ी पहनाकर रखा गया – डिपोर्टेशन फ्लाइट से आने वाले एक भारतीय ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 40 घंटों तक उन्हें हथकड़ी लगाई गई। उनके पैरों को जंजीरों से बांधा गया और हिलने तक नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बाद शौचालय जाने की अनुमति मिली, तो भी जंजीर को नहीं खोला गया। उन्हें खुद को घिसट-घिसटकर शौचालय जाना पड़ा। क्रू के सदस्य दरवाजा खोलते और शौचालय में धकेल देते।
एक 40 वर्षीय युवक ने बताया कि उन्हें हथकड़ी लगे हुए ही खाने को मजबूर किया जाता था। उन लोगों ने खाने के लिए कुछ मिनटों के लिए हथकड़ी हटाने का अनुरोध किया, लेकिन उसे सुना नहीं गया। अमेरिका से भारत की यात्रा को लोगों ने दर्दनाक बताया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने 18,000 भारतीयों की पहचान की है, जिन्हें वापस भारत भेजा जाना है। हालांकि, कुछ रिसर्च इस संख्या को काफी अधिक बताती हैं। प्यू रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में 7 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी भारतीय हैं।
Home / News / भारतीयों के हाथों में हथकड़ी, पैरों में जंजीर… अमेरिका ने 104 लोगों को कैसे किया डिपोर्ट, जारी की खौफनाक तस्वीर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website