
इजरायल और हमास के युद्ध का तनाव लाल सागर में देखने को मिल रहा है। दुनिया के सबसे प्रमुख जलमार्गों में से एक में लगातार तनाव बढ़ रहा है। ईरान का अल्बोर्ज युद्धपोत लाल सागर में प्रवेश कर गया है। यमन के हूती विद्रोही लगातार इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन दाग रहे हैं। इसके अलावा हूती विद्रोही महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में व्यापारी जहाजों पर हमला कर रहे हैं। हूती विद्रोहियों को ईरान समर्थन देता रहता है। रविवार को हूती विद्रोहियों पर अमेरिका ने हमला किया था, जिसके बाद ईरान का युद्धपोत लाल सागर में पहुंचा है। ईरान का यह जहाज लाल सागर में तब पहुंचा जब अमेरिकी नौसेना का यूएसएस जेराल्ड फोर्ड एयर क्राफ्ट कैरियर मिडिल ईस्ट से हट रहा है।
रविवार को हूती विद्रोहियों ने यमन के पास मार्सक मालवाहक जहाज पर चढ़ने की कोशिश की। हूती विद्रोही चार नावों के जरिए गोलीबारी करते हुए जहाज के करीब पहुंचे। जहाज की ओर से मदद मांगी गई, जिसे अमेरिकी नेवी के आइजनहावर कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ने सुना। अमेरिकी नौसेना का एक हेलीकॉप्टर मदद के लिए पहुंचा। उसने हूती विद्रोहियों की 3 नाव को डुबो दिया, जिसमें कम से कम 10 विद्रोहियों की मौत मानी जा रही है। एक नाव भागने में कामयाब रही।
2009 से काम कर रहा ईरान – ईरानी मीडिया ने लाल सागर में अलबोर्ज युद्धपोत की तैनाती का कोई विशेष कारण नहीं बताया। लेकिन यह जरूर बताया कि ईरानी सैन्य जहाज 2009 से इस क्षेत्र में काम कर रहे थे। तस्नीम न्यूज एजेंसी ने कहा, ‘अल्बोर्ज विध्वंसक लाल सागर के दक्षिणी सिरे पर बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य से होता हुआ, लाल सागर में प्रवेश कर गया, जो हिंद महासागर में अदन की खाड़ी से जुड़ता है।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि नौसैनिक बेड़ा 2009 से शिपिंग लेन सुरक्षित करने, समुद्री डाकुओं को पीछे हटाने समेत अन्य उद्देश्यों के लिए इस क्षेत्र में है।
जहाजों के लिए खतरा – व्यापारी जहाजों पर यमन के हूती विद्रोहियों के हमले के बाद दिसंबर की शुरुआत में अमेरिका ने लाल सागर में एक बहुराष्ट्रीय नौसैनिक टास्क फोर्स का गठन किया। कई शिपिंग कंपनियों ने खतरों को देखते हुए इस रास्ते को व्यापार के लिए निलंबित कर दिया है। हूतियों का कहना है कि उनका हमला फिलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए है। दरअसल 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास की ओर से आतंकी हमला किया गया था। इस हमले के बाद से इजरायल गाजा पर बमबारी कर रहा है।
Home / News / लाल सागर में पहुंचा ईरान का युद्धपोत, हूती विद्रोहियों पर अमेरिका के हमले के बाद उठाया कदम, भिड़ेंगे दो दुश्मन?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website