Wednesday , April 22 2026 2:24 PM
Home / Uncategorized / स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे इजराइली PM नेतन्याहू, होगी प्रोस्टेट सर्जरी

स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे इजराइली PM नेतन्याहू, होगी प्रोस्टेट सर्जरी


इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के प्रोस्टेट को हटाने संबंधी सर्जरी रविवार को की जायेगी। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। नेतन्याहू (75) को हाल के वर्षों में कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पूरी तरह से स्वस्थ और ऊर्जावान नेता के रूप में अपनी सार्वजनिक छवि को मजबूत करने के लिए काफी प्रयास किये हैं। हालांकि इजराइल के सबसे लम्बे समय तक सत्ता में रहने वाले नेता के रूप में कार्यभार का दबाव उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है। नेतन्याहू के वकील अमित हदाद ने अदालत को बताया कि इजराइली प्रधानमंत्री को सर्जरी के दौरान पूरी तरह से बेहोश रखा जाएगा और उन्हें ‘‘कई दिनों” के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जायेगा। इसलिए इस सप्ताह होने वाली उनकी तीन दिन की गवाही को रद्द किया जाए।
अदालत ने उनकी अपील को मंजूरी दे दी। एक अधिकारी के अनुसार जब तक नेतन्याहू इस प्रक्रिया से गुजरेंगे, तब तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री उनका कार्यभार संभालेंगे। हालांकि यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि यह पद कौन संभालेगा। बुजुर्ग पुरुषों में प्रोस्टेट संबंधी समस्याएं आम हैं और इनसे वे जल्दी ठीक हो सकते हैं। नेतन्याहू के कार्यालय के अनुसार इजराइली नेता को बुधवार को मूत्र मार्ग में संक्रमण का पता चला था। संक्रमण का एंटीबायोटिक दवाओं से सफलतापूर्वक इलाज किया गया लेकिन रविवार को एक प्रक्रिया के तहत उनके प्रोस्टेट को हटा दिया जायेगा।