
एस्मे क्रीड-माइल्स का मानना है कि किसी ऐसे किरदार में उतरना जो आपसे किसी भी स्तर पर संबंधित न हो, तो अभिनय करना बहुत मजेदार हो जाता है। आईएएनएस द्वारा एस्मे से यह पूछे जाने पर कि क्या सीरीज ‘हन्ना’ से वह अपने चरित्र को रिलेट कर सकती हैं। इस पर उन्होंने कहा, “एक अभिनेत्री के रूप में यह वास्तव में मजेदार है कि आप कोई ऐसे व्यक्ति बनें, जिसका आपसे दूर दूर तक नाता न हो।”
बता दें कि एस्मे अभिनेता सामंथा मॉर्टन और चार्ली क्रीड-माइल्स की बेटी हैं। 2019 में उन्हें वेब सीरीज के साथ बड़ा ब्रेक मिला था।
इस भूमिका को पाने को लेकर उन्होंने कहा, “यह एक युवा अभिनेत्री के लिए शानदार अवसर था। यह ड्रीम रोल पाने की तरह था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह मुझे मिलेगा। हालांकि मैं इस फिल्म से परिचित थी और मुझे यह बहुत पसंद थी।”
ब्रिटिश लेखक-निर्माता डेविड फर मूल फीचर फिल्म के सह-लेखक रहे हैं, अब वही इस शो का नेरेटिव लिख रहे हैं। यह शो 3 जुलाई को एमेजॉन प्राइम वीडियो पर अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहा है।
आठ एपिसोड का दूसरा सीजन ‘हन्ना’ की यात्रा को आगे बढ़ाता है। इसमें वह एक “भयावह सरकारी एजेंसी” का पीछा करती है और आत्म-खोज की यात्रा पर निकलती है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website