
चेन्नई। इंग्लैंड को शनिवार को भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहले सत्र में तीन झटके लगे। इंग्लैंड ने दूसरे दिन लंच तक पहली पारी में 119 अोवरों में 7 विकेट पर 352 रन बना लिए हैं। लियाम डॉसन 27 और आदिल रशीद 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड ने मैच के दूसरे दिन सुबह 284/4 से आगे खेलना शुरू किया। अश्विन ने मेजबान टीम को पहले ही अोवर में सफलता दिलाई जब उन्होंने स्टोक्स (6) को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों झिलवाया। अश्विन ने इस सीरीज में पांचवीं बार स्टोक्स का शिकार किया। अभी स्कोर 300 तक ही पहुंचा था कि ईशांत ने जोस बटलर (6) को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अब उम्मीदें मोईन अली पर टिक गई थी, लेकिन वे उमेश यादव के जाल में फंस गए। उमेश की बाउंसर को हुक करने के चक्कर में मोईन ने मिडविकेट पर रवींद्र जडेजा को कैच थमाया। उन्होंने 262 गेंदों का सामना कर 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 146 रन बनाए। इसके बाद डॉसन और रशीद ने पहले सत्र में मेजबान गेंदबाजों को कोई और सफलता हाथ नहीं लगने दी।
टीम इंडिया की दूसरे दिन कोशिश मेहमान को जल्दी समेटने की रहेगी। इससे पहले मैच का पहला दिन इंग्लैंड के नाम रहा। इंग्लिश बल्लेबाज मोईन अली ने सेंचुरी लगाई तो वही फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज जो रूट अपने शतक से 12 रनों से चूक गए। भारतीय टीम की तरफ से ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 3 विकेट चटकाए तो शादी के बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले ईशांत की झोली में एक विकेट आया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website