Wednesday , September 23 2026 5:05 AM
Home / News / इजरायली सेना का गाजा में बड़ा ऑपरेशन, हमास के सिक्योरिटी चीफ को पकड़ा, पत्नी समेत 4 लोगों की मौत

इजरायली सेना का गाजा में बड़ा ऑपरेशन, हमास के सिक्योरिटी चीफ को पकड़ा, पत्नी समेत 4 लोगों की मौत


इजरायली सेना ने मंगलवार को जमीनी कार्रवाई के दौरान हमास के आंतरिक सुरक्षा प्रमुख को गिरफ्तार किया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने पकड़े गए शख्स के बारे में ज्यादा नहीं बताया, लेकिन इजरायली मीडिया ने उसकी पहचान मईन अल-अराबिद के तौर पर की है। इजरायली सेना और देश की घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह व्यक्ति गाजा पट्टी में हमास का नियंत्रण मजबूत करने और इजरायली सैनिकों के खिलाफ आतंकवादी हमलों को आगे बढ़ाने का लिए काम कर रहा था।
हमास चरमपंथी को लाया गया इजरायल – मुईन को पूछताछ के लिए इजरायल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गाजा में जमीनी कार्रवाई के दौरान 4 लोगों की मौत हुई। जमीनी कार्रवाई के दौरान इजरायली सेना के लिए खतरों को खत्म करने के लिए कई ठिकानों पर हमले किए। समाचार एजेंसी AFP ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि इस ऑपरेशन में गाजा पट्टी के अंदर मौजूद इजरायल की सहयोगी मिलिशिया ने भी साथ दिया था।
इजरायली ऑपरेशन में मारी गई मुईन की पत्नी – मंगलवार सुबह पश्चिमी गाजा सिटी के करीब एक दर्जन हवाई हमले हुए। इलाके की सिविल डिफेंस एजेंसी ने कहा कि इन हमलों में तीन बच्चे और एक महिला मारी गई। फिलिस्तीनी मीडिया के अनुसार, मारी गई महिला अराबिद की पत्नी थी। वहीं, एक बयान में हमास ने इस ऑपरेशन की निंदा की है। हमास ने कहा कि उसने मध्यस्थों और निकोलाई म्लादेनोव से बातचीत की है। म्लादेनोव युद्धविराम को लागू करने के लिए अमेरिका समर्थित पीस बोर्ड के तहत गाजा के लिए उच्च प्रतिनिधि हैं।
गाजा में थम नहीं रही हिंसा – अमेरिका समर्थित युद्धविराम के बावजूद गाजा पट्टी में हिंसा नहीं रुकी है। इजरायली सेना अभी भी गाजा में चरमपंथियों को निशाना बना रही है। मध्य गाजा पट्टी में एक और ऑपरेशन में इजरायली गोलीबारी में दो और लोग मारे गए। गाजा में हमास के तहत काम करने वाले सिविल डिफेंस ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि इनमें एक लड़की भी शामिल थी।
फिलिस्तीनी क्षेत्र में हमास के अधीन काम करने वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि युद्धविराम लागू होने के बाद से गाजा में इजरायली ऑपरेशन में कम से कम 1326 लोग मारे गए हैं। इजरायली सेना ने इसी अवधि में अपने पांच सैनिकों और एक नागरिक कॉन्ट्रैक्टर के मारे जाने की जानकारी दी है।