
फीफा वर्ल्ड कप में इजिप्ट के खिलाफ मिली असंभव और जादुई जीत के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख पाए। मैच खत्म होने के बाद जब ब्रॉडकास्टर ने उनका इंटरव्यू लेना शुरू किया, तो विश्व कप के इस बेहद रोमांचक मुकाबले को याद कर स्कालोनी की आंखों से आंसू छलक पड़े। वे इतने ज्यादा भावुक हो गए कि इंटरव्यू को आगे जारी नहीं रख सके। उन्होंने कैमरे के सामने अपने आंसू पोंछते हुए माफी मांगी और कहा कि वे बहुत ज्यादा भावुक हो चुके हैं और खिलाड़ियों का यह ग्रुप अविश्वसनीय है, इतना कहकर स्कालोनी इंटरव्यू बीच में ही छोड़कर चले गए।
जब 11 मिनट पहले तक बाहर होने की कगार पर था अर्जेंटीना – अर्जेंटीना की टीम इस मुकाबले में बेहद शर्मनाक तरीके से वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर खड़ी थी। मैच के नियमित समय के खत्म होने में जब सिर्फ 11 मिनट बचे थे, तब अर्जेंटीना की टीम 0-2 से पिछड़ रही थी। लेकिन इसके बाद डिफेंडिंग चैंपियंस ने वो कर दिखाया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में एक शानदार हेडर के जरिए गोल दागकर अर्जेंटीना की उम्मीदों को जिंदा किया। इसके ठीक चार मिनट बाद जादुई फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने गोल दागकर स्कोर को बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद मैच के आखिरी पलों यानी 93वें मिनट (इंजरी टाइम) में एंजो फर्नांडीज ने हेडर के जरिए विनिंग गोल दागकर अर्जेंटीना को एक ऐतिहासिक जीत दिला दी और टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।
कोच स्कालोनी का खुलासा – बाद में बातचीत के दौरान लियोनेल स्कालोनी ने माना कि इस उतार-चढ़ाव भरे मैच ने उन्हें भी उतना ही प्रभावित किया जितना मैदान पर मौजूद और टीवी के सामने बैठे फैंस को किया था। उन्होंने कहा कि वे भी इस मैच में उतना ही तड़पे हैं जितना कोई आम फैन तड़पा होगा, लेकिन वे इसीलिए एक कोच हैं ताकि इन पलों को जी सकें और इनसे प्यार कर सकें। फुटबॉल खेलने वाले सभी लोगों के लिए ये भावनाएं सचमुच अद्भुत हैं। इसके साथ ही स्कालोनी ने मुस्कुराते हुए यह भी बताया कि अपनी भावनाओं को खुले तौर पर जाहिर करने की आदत के कारण अर्जेंटीना के खिलाड़ी उन्हें प्यार से क्रायबेबी कहकर बुलाते हैं।
Home / Sports / रो पड़े अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी, इजिप्ट पर चमत्कारिक जीत के बाद नहीं रोक पाए आंसू, बीच में ही छोड़ दिया इंटरव्यू
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website