
कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया पर बरस रहा है। भारत समेत पूरी दुनिया के देश इस वायरस से निपटने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई हल सामने नहीं आया है। कई देश इस वायरस की वैक्सीन बनाने में जुटे हैं तो वहीं दुनियाभर में लोग दुआएं मांग रहे हैं कि भगवान इन वायरस से जल्द से जल्द छुटकारा दिलाए। पड़ोसी देश पाकिस्तान भी इस वायरस से अछूता नहीं है और वहां पर भी दुआएं हो रही हैं। वहीं एक मौलाना लाइव टीवी पर कोरोना वायरस पर बोलते समय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के सामने रो पड़े।
दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के करीबी माने जाने वाले और तबलीगी जमात से जुड़े मौलाना तारिक जमील लाइव टीवी के दौरान उस समय रो पड़े जब वो कोरोना वायरस को लेकर कुछ बातें कर रहे थे। लाइव टीवी दुआ मांगते हुए मौलाना बोले, ‘कोरोना से बचा ले अल्लाह’, ‘हम सब नासमझ हैं, हमें माफ कर दो, हमसे धोखा हो गया, हम सभी जालिम हैं, इस आफत को हम टाल नहीं सकते, बस अब तेरा ही सहारा है, हम सबको बचा ले, जिंदगी और मौत तेरे हाथ में है, इतना कहते ही मौलाना रो पड़े।
इमरान खान मौलाना की बातें बड़ी ही गंभीरता से सुन रहे थे, इतना ही नहीं वे भी हाथ फैलाकर दुआ मांग रहे थे। इमरान के अलावा लाइव टीवी पर मौजूद और भी लोग शांत होकर दुआ मांगते देखे गए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website