Tuesday , April 21 2026 10:38 PM
Home / News / India / भारत के एक बड़े नेता से बातचीत के लिए एंटीगुआ से किया गया था अपहरण, मेहुल चोकसी का सनसनीखेज दावा

भारत के एक बड़े नेता से बातचीत के लिए एंटीगुआ से किया गया था अपहरण, मेहुल चोकसी का सनसनीखेज दावा

भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ पुलिस को दिए गए एक शिकायती पत्र में कई सनसनीखेज दावे किए हैं। उसने बताया कि भारत के एक बड़े रसूखदार नेता के साथ बातचीत के लिए उसको एंटीगुआ से डोमिनिका अपहरण कर लाया गया था। हालांकि, उसने पुलिस को भारत के उस बड़े नेता का नाम नहीं बताया है। मेहुल ने आरोप लगाया है कि उसकी महिला मित्र बारबरा जबरिका ने उसके अपहरण में अहम भूमिका निभाई। मेहुल के अनुसार, इसमें टीगुआ पुलिस के कर्मी होने का दावा करने वाले लोग और भारतीयों की तरह दिखने वाले व्यक्ति शामिल थे।
एंटीगुआ पुलिस ने शुरू की जांच : एंटीगुआ और बारबुडा से रहस्यमय ढंग से गायब होने के बाद चोकसी अभी डोमिनिका में है। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने कहा कि चोकसी से एक शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एंटीगुआ और बारबुडा के रॉयल पुलिस फोर्स से की गयी अपनी शिकायत में चोकसी ने जबरिका, नरिंदर सिंह और गुरमीत सिंह के अलावा अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।

चोकसी ने भारतीय एजेंटों पर लगाया अपहरण का आरोप : चोकसी ने आरोप लगाया है कि पिछले एक साल के साथ दौरान जबरिका से उसकी मित्रता हो गयी थी और वह उसके अपहरण में करीबी रूप से जुड़ी हुयी थी। शिकायत के अनुसार एंटीगुआ पुलिस का दावा करने वाले लोगों और भारतीयों की तरह दिखने वाले भाड़े के सैनिकों ने उसका अपहरण किया था। फरार चोकसी भारत में 13,500 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में वांछित है और उसका डोमिनिका चाइना फ्रेंडशिप अस्पताल में हिरासत में इलाज चल रहा है।
चोकसी का दावा- महिला मित्र ने घर बुलाकर दिया धोखा : चोकसी ने दावा किया कि जबरिका, जॉली हार्बर में उसके आवासीय परिसर के सामने रहती थी और उसके कर्मचारियों के साथ उसने मित्रता कर ली थी तथा उसके (चोकसी) के साथ वह नियमित रूप से सैर करने भी जाती थी। चोकसी ने कहा कि 23 मई, 2021 को जबरिका ने उससे अनुरोध किया कि सार्वजनिक स्थान पर मिलने के अपने सामान्य कार्यक्रम से अलग हटते हुए उसके घर पर आए।