
दक्षिण अफ्रीका में आये भीषण चक्रवात ‘इदाई’ में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 417 हो गई है। बीबीसी ने भूमि और पर्यावरण मंत्री केल्सो कोर्रेया के हवाले से बताया है कि मोजम्बिक में मृतकों की संख्या 242 से बढ़ कर 417 हो गई है तथा मोजाम्बिक, जिम्बाम्वे और मलावी के आंकड़ो को मिला कर यह संख्या बढ़ कर 700 तक जा सकती है।
जिम्बाम्वे में आए इस तूफान में अभी तक कम से कम 259 लोगों की मौत हो गई है जबकि मलावी में चक्रवात के बाद मूसलाधार बारिश से 56 लोगो की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने कहा है कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद ही अधिकारी इससे हुए नुकसान का आकलन कर पाएंगे। बाढ़ के पानी में अभी भी हजारों लोग फंसे हुए हैं और सरकार के राहत केंद्रों में राहत सामग्री पहुंचानी शुरू कर दी है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वयक सेबस्टिन रोड्स स्टाम्पा ने कहा, कि मोजम्बिक चक्रवात में मृतकों की सही संख्या का पता लगाने के लिए हमें बाढ़ के पानी का कम होने का इंतजार करना पड़ेगा। दक्षिणी अफ्रीका में आयी इस त्रासदी से लगभग 17 लाख लोग प्रभावित हुए है। पीड़ित लोग बिजली और साफ पानी के बगैर सड़कों पर रहने को मजबूर है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website