Saturday , September 19 2026 8:13 AM
Home / News / दुनिया के सामने आया मुल्ला अब्दुल गनी बरादर, TAPI पाइपलाइन की बैठक में दिखा

दुनिया के सामने आया मुल्ला अब्दुल गनी बरादर, TAPI पाइपलाइन की बैठक में दिखा

तालिबान का सबसे चर्चित चेहरा मुल्ला अब्दुल गनी बरादर लगभग साल भर बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर दिखा है। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे और कार्यवाहक सरकार के गठन के बाद मुल्ला बरादर अचानक गायब हो गया था। बरादर को तालिबान सरकार में उप प्रधानमंत्री का पद दिया गया था। तालिबान की सत्ता में वापसी से पहले मुल्ला बरादर ही तालिबान का सबसे चर्चित नेता था। उसी ने अमेरिका, पाकिस्तान और दूसरे देशों के साथ तालिबान की वार्ता का नेतृत्व किया था। मुल्ला बरादर को काबुल में विदेशी राजनयिकों के साथ TAPI परियोजना पर चर्चा करते हुए देखा गया। TAPI परियोजना का पूरा नाम तुर्कमेनिस्तान-अफगानिस्तान-पाकिस्तान-इंडिया पाइपलाइन है, जिसके जरिए तुर्कमेनिस्तान से भारत तक गैस की सप्लाई होनी है।
मुल्ला बरादर ने तापी परियोजना पर बैठक की : अफगान मीडिया टोलो न्यूज के अनुसार, दूसरे उप प्रधानमंत्री मुल्ला अब्दुल गनी बरादर ने TAPI पाइपलाइन कंपनी लिमिटेड (TPCL) के सीईओ, मुहम्मतमिरत अमानोव और अफगानिस्तान में तुर्कमेनिस्तान के राजदूत होजा ओवेज़ोव के साथ एक बैठक की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की मौजूदा परिस्थितियां तापी परियोजना के अनुकूल हैं। इससे इस परियोजना के कार्यान्वयन के लिए उचित अवसर पैदा किया है।