Sunday , January 19 2025 10:43 AM
Home / Sports / मुंबई इंडियंस ने दिल्ली डेयरडेविल्स को रौंदा, 146 रनों की विशाल जीत दर्ज की

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली डेयरडेविल्स को रौंदा, 146 रनों की विशाल जीत दर्ज की


मैच रिपोर्ट- विवेक शर्मा
6 मई, 2017,(दिल्ली)- मेजबान दिल्ली डेयरडेविल्स ने टॉस जीतकर
पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
पहली पारी – मुंबई की ओर से लेंडल सिमन्स और
पार्थिव पटेल ने पारी की शुरुआत की। दोनों ही खिलाड़ियों ने पहले तीन
ओवर पैर जमाने में लगाए और चौथे ओवर से सिमन्स
ने गेंद को बाउंड्री पार कराना शुरु कर दिया और मुंबई ने पहले छह
ओवर में 60 का स्कोर छू लिया जिसमें सिमन्स के दो छक्के और दो चौके
शामिल थे।  मुंबई की सलामी जोड़ी की साझेदारी को तोड़ने का काम
अमित मिश्रा ने किया। मिश्रा ने पार्थिव पटेल को 25 के निजी स्कोर पर
स्टंप आऊट करा दिया। दसवें ओवर की समाप्ति तक मुंबई इंडियंस
ने एक विकेट के नुकसान पर 84 रन बना लिए थे। इसमें सिमन्स की
हाफ सेंचुरी (पांच चौके और दो छक्के) भी शामिल थी।
दूसरे छोर पर सिमन्स का साथ देने केयार्न पोलार्ड आए
और आते ही उन्होंने अमित मिश्रा के एक ही ओवर में दो छक्के जड़
दिए। सिमन्स के बल्ले से निकल रही रनों की बाढ़ को एंडरसन ने रोका।
। लेकिन आऊट होने से पहले सिमन्स चार छक्कों और पांच चौको
की मदद से 66 रन बना चुके थे। इसके बाद रनों के प्रवाह को पोलार्ड
ने जारी रखा और अमित मिश्रा को अपना टारगेट बनाया। 15 वें ओवर
तक मुंबई इंडियंस दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बना चुकी थी।
आखिरी पांच ओवरों यानी 30 गेदों पर रनों की गति तेज करने की
कोशिश में कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 10 रन ही बना पाए। लेकिन
पोलार्ड का बल्ला नहीं रुका और उन्होंने तीस गेंदों पर हॉफ सेंचुरी
(चार छक्के, तीन चौके)पूरी कर अपने इरादे साफ कर दिए।
हार्दिक पांड्या ने भी कुछ बड़े शॉट्स खेले और आखिरी ओवर में
दो छक्के और एक चौका जमाकर अपनी टीम को तीन विकेट के
नुकसान 212 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पांड्या 29 रन बनाकर
और पोलार्ड 63 रन बनाकर नाबाद रहे।
दूसरी पारी – जीत के लिए 213 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए
दिल्ली डेयरडेविल्स की शुरुआत खराब रही। मिशेल मैकक्लेनेघन ने
पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को सिमन्स के हाथों कैच आउट करा दिया।
दूसरे ओवर में लसिथ मलिंगा ने श्रेयस अय्यर को सिर्फ तीन रन
के निजी स्कोर पर पवैलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद पिछले
मैच के हीरो ऋषभ पंत को बुमराह ने चलता किया। ऋषभ खाता भी नहीं
खोल सके। करुण नायर ने कुछ देर
टिकने की कोशिश की और कुछ अच्छे शॉट्स भी खेले लेकिन उन्हें
हरभजन सिंह ने अपना शिकार बनाया। नायर 21 रन बनाकर आऊट हुए।
इसके बाद कोरी एंडरसन भी ज्यादा कुछ नहीं कर सके और मलिंगा ने
उन्हें 10 के निजी स्कोर पर आऊट किया।
छठे ओवर की समाप्ति तक दिल्ली की आधी टीम सिर्फ 35 के
स्कोर पर पवैलियन लौट चुकी थी । इसके बाद कर्ण शर्मा ने सैमुएल्स
को दिल्ली का छठा शिकार बनाया। सैमुएल्स सिर्फ 1 रन बना सके।
अब मैच में सिर्फ औपचारिकताएं ही शेष थीं और ताश के पत्तों की
तरह दिल्ली की पूरी टीम सिर्फ 14 वें ओवरों में 66 के स्कोर पर बिखर गई।
दिल्ली के सिर्फ तीन खिलाड़ी ही दहाई का आंकड़ा छू सके। और मुंबई
के खाते में 146 रनों की विशाल जीत गई। हरभजन सिंह और कर्ण शर्मा ने सबसे
ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस के 11 मैचों के बाद 18 अंक हो गए हैं।

टीमें – दिल्ली डेयरडेविल्स – 1. संजू सैमसन, 2. करुण नायर,
3. ऋषभ पंत(विकेटकीपर), 4. श्रेयस अय्यर, 5. मार्लोन सैमुएल्स,
6. पैट कमिन्स, 7.   कोरी एंडरसन, 8. कैगिसो रबाडा,
9. ज़हीर खान (कप्तान), 10. अमित मिश्रा, 11. मोहम्मद शमी।

मुंबई इंडियंस- 1.नितिश राणा, 2.पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), 3.लैंडल सिमन्स,
4.कैरान पोलार्ड, 5. रोहित शर्मा (कप्तान), 6. हरभजन सिंह, 7. हार्दिक पांड्या,
8.कर्ण शर्मा, 9. मिशेल मैक्लेघन, 10. लसिथ मलिंगा,
11. जसप्रीत बुमराह.