Friday , May 1 2026 11:28 PM
Home / News / म्यांमार की सैन्य सरकार ने पूर्व नेता आंग सान सू ची को जेल से हटाया, अब हाउस अरेस्ट में काटेंगी सजा

म्यांमार की सैन्य सरकार ने पूर्व नेता आंग सान सू ची को जेल से हटाया, अब हाउस अरेस्ट में काटेंगी सजा


म्यांमार की जुंटा सरकार ने जेल में बंद पूर्व नेता आंग सान सू ची को अब हाउस अरेस्ट में रखने का फैसला किया है। देश के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी है। आंग सान सू की पांच साल से जेल में है, जब सेना ने उनके नेतृत्व वाली नागरिक सरकार को साल 2021 में सत्ता से हटाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। 80 वर्षीय सू ची तब से ही सेना की हिरासत में हैं। उन्हें कहां रखा गया है, इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं है।
आंग सान सू ची को नजरबंद करने का फैसला देश की जुंटा सरकार के रुख में अहम बदलाव को दिखाता है। यह ऐसे समय में हो रहा है, जब देश एक भीषण गृह युद्ध में उलझा हुआ है। इस गृहयुद्ध की शुरुआत फरवरी 2021 में हुए तख्तापलट के बाद हुई थी। गृहयुद्ध में देश के एक बड़े हिस्से पर विद्रोही सशस्त्र बलों ने अपना नियंत्रण बना रखा है।
सू ची की सजा कम की गई – म्यांमार के सरकारी चैनल MRTV ने बताया कि “डाओ आंग सान सू ची की सजा का बचा हुआ हिस्सा कम कर दिया गया है, जिसे अब एक तय आवास पर पूरा किया जाएगा।” चैनल ने देश की पूर्व नेता के लिए एक सम्मानजनक संबोधन इस्तेमाल किया। म्यांमार की सेना के सूचना कार्यालय ने मीडिया को संदेश भेजकर हाउस अरेस्ट में रखे जाने की खबर की पुष्टि की है।
इसके साथ ही सू ची की एक तस्वीर जारी की गई है, जिसमें उन्होंने पारंपरिक सफेद ब्लाउज और स्कर्ट पहनी हुई है। तस्वीर में वह लकड़ी की बेंच पर बैठी दिखाई दे रहे हैं और उनके सामने दो पुरुष बैठे हैं। एक पुलिस की वर्दी में है और दूसरा कोई अन्य वर्दी पहने है। यह साफ नहीं है कि तस्वीर को कब और कहां खींचा गया था।
5 साल से जेल में हैं सू ची – सू ची 1 फरवरी 2021 से सेना की हिरासत में हैं, जब उनकी चुनी हुई सरकार का तख्तापलट कर दिया गया था। उसके बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। सू ची की आखिरी आधिकारिक तस्वीर 24 मई 2021 को जारी की गई थी, जिसमें वह अदालत में दिखाई गई थीं।
इसके पहले गुरुद्वार को अधिकारियों ने सू ची की जेल की सजा कम किए जाने की घोषणा की थी। सजा में यह छूट बौद्ध धार्मिक त्योहार बुद्ध कासोन पूर्णिया के मौके पर दी गई थी। इस बुद्ध के जन्म और महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में जाना जाता है। इस छूट में 1519 कैदी शामिल थे। जेल में बंद दोषियों की सजा का एक-छठवां हिस्सा कम कर दिया गया।
सू ची को कितनी मिली है सजा – सू ची को 2022 के आखिर में मूल रूप से कई अपराधों के लिए 33 साल की जेल की सजा सुनाई थी। उनके समर्थकों और मानवाधिकार समूहों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। आरोपों को उन्हें बदनाम करने और सेना के सत्ता पर कब्जे को वैध ठहराने की कोशिश बताया था। गुरुवार को दी गई छूट हाल के हफ्तों में दी गई दूसरी छूट है। इसके उनकी कुल सजा 18 साल हो जाएगा। इस हिसाब से उन्हें 13 साल की सजा और काटनी होगी।