Sunday , August 16 2026 11:03 AM
Home / News / लाहौर पहुंचते ही गिरफ्तार हुए नवाज शरीफ और मरियम शरीफ

लाहौर पहुंचते ही गिरफ्तार हुए नवाज शरीफ और मरियम शरीफ


लाहौर: भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी करार दिये जाने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम को आज रात देश लौटते ही गिरफ्तार कर लिया गया। शरीफ और मरियम को लेकर आ रहा विमान भारतीय समयानुसार रात करीब सवा नौ बजे लाहौर के अल्लामा इकबाल हवाई अड्डे पर पहुंचा। विमान अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देर से आया।
एतिहाद एयरवेज की उड़ान ई वाई 243 अबू धाबी से यहां पहुंची। यहां आने से पहले शरीफ और उनकी बेटी लंदन से संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी पहुंचे थे। शरीफ की पत्नी कुलसुम लंदन के अस्पताल में जिदंगी मौत की जंग लड़ रही हैं। पाकिस्तान के भ्रष्टाचार निरोधक निकाय के अधिकारी, शरीफ और उनकी बेटी को हिरासत में लेने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे। दोनों को छह जुलाई को लंदन में चार आलीशान फ्लैटों की मिल्कियत से जुड़े एवेनफील्ड संपत्ति मामले में दोषी ठहराया गया था। शरीफ (68)और उनकी बेटी मरियम (44) को एक जवाबदेही अदालत ने क्रमश: दस और सात साल की कैद की सजा सुनायी है।
राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) और कार्यवाहक सरकार ने घोषणा की थी कि हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उन्हें हिरासत में ले लिया जाएगा। उन्हें जवाबदेही अदालत में पेश करने के बाद इस्लामाबाद से रावलपिंडी की अदियाला जेल ले जाया जाएगा।