Friday , September 4 2026 4:57 PM
Home / News / नेपाल का अजीब रुख, फिर भी भारत ने भेजी मदद की एक और खेप

नेपाल का अजीब रुख, फिर भी भारत ने भेजी मदद की एक और खेप


ऐसे समय जब नेपाल में बाढ़ के बाद हमारे पड़ोसी देश पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। तब नेपाल के अजीब रुख के बाद भी भारत लगातार अपनी तरफ से नेपाल को मदद भेज रहा है। अजीब रुख इसलिए, क्योंकि हाल ही में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा था कि नेपाल में आई बाढ़ के लिए भारत, चीन और अमेरिका जैसे देशों को मुआवजा देना चाहिए।
जलवायु परिवर्तन वजह – हर्जाने के पीछे तर्क देते हुए खनाल ने कहा था कि जो भी देश CO2 का सबसे ज्यादा उत्सर्जन कर रहे हैं, उन सभी को नेपाल में आई बाढ़ के लिए आर्थिक हर्जाना देना चाहिए। नेपाल ने यह आरोप भी लगाया था कि भोटेकोशी नदी में जलवायु परिवर्तन के कारण ही बाढ़ आई। हालांकि, बाद में नेपाल के विदेश मंत्री अपने बयान से पलट गए थे और उन्होंने कहा था कि वो किसी से भी मुआवजा नहीं मांग रहे हैं। नेपाल के इस तरह के आरोपों के बाद भी भारत लगातार मानवीय मदद भेजने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
21.5 टन राहत समाग्री – भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया है कि भारत नेपाल को मानवीय सहायता देना जारी रखे हुए है। उन्होंने आगे बताया कि भारत से नेपाल के लिए 21.5 टन राहत सामग्री लेकर दो और C-130 J विमान भेजे गए हैं। इन विमानों में फोरेंसिक किट और मेडिकल सप्लाई शामिल है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि यह अतिरिक्त सहायता चल रहे राहत और बचाव कार्यों को और मजबूत करेगी और बाढ़ से प्रभावित समुदायों की मदद करेगी।