
केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) में साल 2020 के लिए नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize in Chemistry for 2020) का ऐलान बुधवार को कर दिया गया। इस साल का पुरस्कार इम्मैन्युअल शार्पेंची (Emmanuelle Charpentier) और जेनफिर डाउडना (Jennifer A. Doudna) को जीनोम एडिटिंग का तरीका खोजने के लिए दिया गया है। इस पुरस्कार के जरिए अकसर उन कार्यों को सम्मानित किया जाता है, जिनका आज व्यावहारिक रूप से विस्तृत उपयोग हो रहा है।
पिछले साल किसे मिला था
स्टॉकहोम में ‘स्वीडिश अकैडमी ऑफ साइंसेज’ के पैनल ने बुधवार को विजेताओं की घोषणा की। पिछले साल लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाले वैज्ञानिकों- जॉन बी गुडइनफ, एम स्टैनली विटिंघम और अकीरा योशिनो को नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था। नोबेल पुरस्कार के तहत स्वर्ण पदक, एक करोड़ स्वीडिश क्रोना (तकरीबन 8.20 करोड़ रूपये) की राशि दी जाती है। स्वीडिश क्रोना स्वीडन की मुद्रा है। यह पुरस्कार स्वीडन के वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल के नाम पर दिया जाता है।
फिजिक्स और मेडिसिन के नोबेल दिए गए
इससे पहले ब्लैक होल संबंधी खोज के लिए तीन वैज्ञानिकों को इस साल का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया गया। ब्रिटेन के रॉजर पेनरोज को ब्लैकहोल संबंधी खोज के लिए और जर्मनी के रीनहार्ड गेंजेल और अमेरिका की एंड्रिया गेज को आकाशगंगा के केंद्र में ‘सुपरमैसिव कॉम्पैक्ट ऑबजेक्ट’ की खोज के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है। वहीं, मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार अमेरिकी वैज्ञानिकों- हार्वे जे ऑल्टर और चार्ल्स एम राइस और ब्रिटेन में जन्मे वैज्ञानिक माइकल हफटन को देने की घोषणा की गई।
ट्रंप भी हैं रेस में
नोबेल पुरस्कार देने वाली संस्था के मुताबिक इसी हफ्ते केमिस्ट्री, साहित्य और शांति के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। वहीं अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा अगले सोमवार को की जाएगी। बता दें कि इस बार शांति के नोबेल पुरस्कारों की दौड़ में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी हैं। उन्हें इजरायल और यूएई के बीच शांति डील कराने के लिए नामित किया गया है।
Home / News / Nobel Prize for Chemistry 2020: Emmanuelle Charpentier और Jennifer A. Doudna को मिला केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website