
नोवाक जोकोविच ने बुधवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे राउंड के मैच में कोर्ट पर उतरते ही ग्रैंडस्लैम प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक मैच खेलने का रेकॉर्ड बना डाला। जोकोविच चारों ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में 430 मैच खेल चुके हैं जो नया रेकॉर्ड है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले राउंड में रोजर फेडरर (429) की बराबरी की थी। जोकोविच ने दूसरे राउंड में पुर्तगाल के क्वॉलिफायर जेमी फरिया को 6-1, 6-7, 6-3, 6-2 से हराया। मेंस सिंगल्स में ही तीसरी वरीयता प्राप्त कार्लोस अल्काराज ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए योशिहितो निशिओका पर 6-0, 6-1, 6-4 से जीत हासिल की।
पिछड़ने के बाद जीतीं ओसाका: – पूर्व चैंपियन नाओमी ओसाका ने भी शानदार खेल दिखाते हुए अगले राउंड में जगह बनाई। विमिंस सिंगल्स में दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन ओसाका 2022 के बाद पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में पहुंचीं। उन्होंने यूएस ओपन की सेमीफाइनलिस्ट कैरोलिना मुचोवा के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके 1-6, 6-1, 6-3 से जीत हासिल की। ओसाका ने इस तरह से पिछले साल यूएस ओपन में मुचोवा से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। ओसाका ने मैच के बाद कहा, ‘मुचोवा ने जब मुझे यूएस ओपन में हराया था तब मैं बहुत निराश थी। मैं बहुत गुस्से में थी। मुझे खुशी है कि मैंने अपना बदला ले लिया। यह कोई बुरी बात नहीं है। वह सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वियों में से एक हैं।’
झेंग को किया बाहर: – इस बीच वर्ल्ड रैंकिंग्स में 97वें नंबर की खिलाड़ी लौरा सीगमंड ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए ओलिंपिक्स चैंपियन और पिछले साल की उप विजेता झेंग किनवेन को सीधे सेटों में पराजित करके बड़ा उलटफेर किया। झेंग पिछले साल फाइनल में आरिना सबालेंका से हार गई थीं, लेकिन इसके बाद उन्होंने पैरिस ओलिंपिक्स में स्वर्ण पदक जीता था तथा वह सीजन के अंतिम टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स में उपविजेता रही थीं। साल के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में उन्हें 36 वर्षीय सीगमंड से 7-6, 6-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान चेयर अंपायर ने समय बर्बाद करने को लेकर झेंग को चेतावनी भी दी। झेंग ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि आज मेरा दिन नहीं था। मैं महत्वपूर्ण मौकों पर अंक हासिल करने में नाकाम रही। टाइम कंट्रोल को लेकर चेतावनी मिलने से भी मेरी एकाग्रता भंग हुई।’
Home / Sports / नोवाक जोकोविच ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने एकमात्र टेनिस प्लेयर, फेडरर-नडाल भी पिछड़े
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website