Sunday , April 26 2026 7:18 PM
Home / News / पाकिस्तान अराजकता या शांति में से कोई एक चुन ले, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने इमरान को खूब सुनाया

पाकिस्तान अराजकता या शांति में से कोई एक चुन ले, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने इमरान को खूब सुनाया


अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया को दिए गए इंटरव्यू में पाकिस्तान को जमकर सुनाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लिए शांति या अराजकता में से किसी एक को चुनने का समय आ गया है क्योंकि अब तक उसके सभी आकलन गलत रहे हैं। गनी ने क्षेत्रीय समृद्धि में चीन और भारत को एक अहम कारक भी बताया।
‘सौभाग्य से पाकिस्तान नहीं चाहता तालिबान सरकार’ : गनी ने सीएनएन के फरीद जकारिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि मौखिक रूप से, पाकिस्तान के नेता सौभाग्य से यह स्वीकार करते हैं कि वे अफगानिस्तान में तालिबान सरकार नहीं चाहते हैं, बल्कि वे युद्धग्रस्त देश में शांतिपूर्ण, स्थिर, लोकतांत्रिक सरकार देखना चाहेंगे। इस साक्षात्कार का प्रसारण रविवार को हुआ।
पाकिस्तान की समृद्धि के लिए अफगानिस्तान महत्वपूर्ण : उन्होंने कहा कि हम उनकी समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण हैं। स्थिर और एकजुट अफगानिस्तान में विकास दर दो प्रतिशत तक बढ़ सकती है, हमें एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा, “इसलिये, दो विकल्प हैं … हमारे माध्यम से मध्य एशिया से जुड़ें, शांति के लिए साझेदारी के माध्यम से संयुक्त समृद्धि में साझेदार बनें, अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता और समर्थन प्राप्त करें, जिसकी उन्हें जरूरत है या अराजकता को चुनें।”
गनी बोले- युद्ध से सबसे अधिक नुकसान झेलने वाला पाकिस्तान होगा : गनी ने कहा कि अफगानिस्तान में असुरक्षा या नए सिरे से गृहयुद्ध से सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाला देश पाकिस्तान होगा और उस स्थिति में यह हार का प्रस्ताव होगा। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने कहा कि यह पाकिस्तान के लिए चुनने का समय है। उसके सभी आकलन गलत रहे हैं।